नशेडिय़ों का नशा काफूर करने के लिए खाकी है तैयार
रीवा. 31 दिसंबर को वर्ष 2022 की आखिरी रात गुजर जायेगी और रात्रि 12 बजे से जिंदगी वर्ष 2023 के पहलू पर चली जायेगी। नये वर्ष का लोग अपने संस्कारों के अनुसार धूमधाम से स्वागत करते है। कहीं डीजे की धुन पर जाम छलकता है, कहीं केक कटते है। रईसजादे होटलों में कॉकटेल पार्टी मानते है। कुछ लोग नये साल की शुरुआत मंदिरों से करते है। 31 दिसंबर की रात अराजक तत्व भी अपने-अपने हिसाब से पार्टी मनाते है। राह चलती महिला को छेडऩा, लूट करना, चाकू चलाना यहां तक की गोली तक चलाने में अपनी प्रसिद्धी मानते हैं। ऐसे असमाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए नवीन डीआईजी नवनीत भसीन ने आज शहर में पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर संदेश दे दिया कि कायदे से रहोगे तो फायदे में रहोगे अन्यथा पुलिस तो सबक सिखाने के लिए तैयार है।
शहर के मुख्य मार्ग निकला फ्लैग मार्च
शाम पुलिस कंट्रोल रूम से निकला फ्लैग मार्च शहर के मुख्य मार्ग से होते हुये पुलिस कंट्रोल रूम में समाप्त हो गया। फ्लैग मार्च में नवीन डीआईजी नवनीत भसीन सहित एएसपी अनिल सोनकर, शहर एसपी शिवाली चतुर्वेदी सहित शहर के सभी थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। 31 दिसंबर की रात पुलिस व्यवस्था चुस्त करने के लिए डीआईजी नवनीत भसीन ने पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है। जो ंमंदिरों, चौराहों एवं संदेहास्पद स्थानों पर तैनात रहेंगे। डीआईजी श्री भसीन ने कहा कि चौराहों पर लगी पुलिस और गस्त कर रही पुलिस टीम वाहन चालकों पर विशेष नजर रखेगी। नशे में कोई भी वाहन चालक मिला तो उसके विरुद्ध ठोस कार्रवाही की जायेगी। साथ ही बताया कि पुलिस टीम के अलावा ड्रोन कैमरे से शहर की निगरानी रखी जायेगी।

No comments:
Post a Comment