Sunday, 30 March 2025

महिलाओं को यदि प्रताड़ना से बचना है, तो पहले अपने आप से प्यार करना होगा

रीवा. महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के लिए नारी चेतना मंच के तत्वावधान में स्थानीय नेहरू नगर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सदैव क्रिएशन भोपाल की डायरेक्टर संध्या वर्मा रहीं। इस मौके पर वर्मा ने कहा कि महिलाओं को यदि प्रताड़ना से बचना है, तो पहले अपने आप से प्यार करना होगा तथा खुद के लिए लड़ना होगा। साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत होकर आत्मनिर्भर बनना होगा। इसलिए आप सभी छोटे-छोटे समूहों में अपने पसंद का रोजगार करें और अपनी छुपी हुई प्रतिभा को सामने लाए। 

उन्होंने अपने व्यवसाय के बारे में भी उपस्थित महिलाओं से बात की और बताया कि कैसे कचरे को उन्होंने संपदा में परिवर्तित करने का कार्य किया। कहा किरीसाइक्लिंग से रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही पर्यावरण का संरक्षण भी होगा। वहीं डॉ. गायत्री खरे ने बताया कि संध्या वर्मा विगत 30 वर्षों से समाज में वैज्ञानिक चेतना फैलाने का भी कार्य कर रही हैं। उन्हें कई अवॉर्ड जैसे विज्ञान शिरोमणि, भूमि सम्मान, विज्ञान रत्न सम्मान, स्वयंम सिद्धा आदि सम्मान मिले चुके हैं। इस दौरान वर्मा ने कचरे को रिसाइकलिंग करके तैयार की गई डायरी एवं हाथी की कलाकृति लोकतंत्र सेनानी अजय खरे एवं डॉ. गायत्री खरे को देकर सम्मानित किया। संगोष्ठी में डॉ. शेखर सरभाई, शिविका सरभाई, डॉ. कृपाशंकर तिवारी, डॉ. अंजलि पाण्डेय खरे, शैलजा तिवारी, इतवरिया, सहरुन्निशा, नूरजहां, शमशाद आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

No comments:

Post a Comment