रीवा शहर की सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त सड़कों में शामिल अमहिया रोड में अस्पताल चौराहा से सिरमौर चौराहा तक के मार्ग का चौड़ीकरण किया जायेगा। राजस्व विभाग ने सड़क की चौड़ाई निर्धारित करने के लिए चिन्हांकन और नाप-जोड़ का कार्य पूरा कर लिया है। जल्द ही इस मार्ग पर चौड़ीकरण का निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। सड़क को मुख्य रूप से 18 मीटर चौड़ी बनाया जाएगा।
हालांकि, कुछ जगहों पर उपलब्ध भूमि की कमी के कारण चौड़ाई को 15 मीटर तक सीमित रखा गया है। इस मार्ग को तीन अलग-अलग खंडों में विभाजित किया गया है, जिसमें सिरमौर चौराहा से गोस्वामी एक्स-रे नाले तक 18 मीटर चौड़ी, नाले से गल्ला मंडी रोड तक 15 मीटर चौड़ी और गल्ला मंडी से अस्पताल चौराहा तक 18 मीटर चौड़ी होगी। चौड़ीकरण के दौरान बड़ी संख्या में दुकानों का कुछ हिस्सा प्रभावित होगा। इसके लिए अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यह मार्ग सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल और संजय गांधी चिकित्सालय को जोड़ता है, जहां रोजाना भारी यातायात का दबाव रहता है। लगातार जाम की समस्या के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों को काफी परेशानी होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

No comments:
Post a Comment