सिंगरौली जिले के देवसर थाना क्षेत्र अंतर्गत धनहा गांव में शुक्रवार को एक दिलचस्प लेकिन जोखिम भरा प्रेम प्रसंग सामने आया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी की मांग पूरी न होने पर मोबाइल टावर पर चढ़कर धरना दे दिया। उसकी जिद है कि जब तक प्रेमिका मौके पर आकर शादी के लिए सहमति नहीं देती, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस घटना के बाद टावर के नीचे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की पहचान रवि कुशवाहा के रूप में हुई है, जो धनहा गांव का निवासी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रवि का एक युवती से गहरा प्रेम संबंध है। परिजनों द्वारा युवती की शादी कहीं और तय किए जाने की खबर से वह बेहद नाराज था। इसी नाराजगी और निराशा में उसने शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह लगातार अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने की मांग कर रहा है और बार-बार कह रहा है कि सहमति मिलने तक वह नीचे नहीं आएगा। सूचना मिलते ही जियावन पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयास शुरू किए। युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने पर अड़ा रहा। यदि कोई पुलिसकर्मी ऊपर चढ़ने की कोशिश करता है, तो वह नीचे कूदने की धमकी देता। आख़िरकार किसी तरह से समझाइश देकर उसे नीचे उतारा गया।

No comments:
Post a Comment