Wednesday, 25 February 2026

Rewa News : रीवा में भारतीय मजदूर संघ का धरना-प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री को सौंपा ज्ञापन

रीवा: भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के केंद्रीय आह्वान पर आज जिला रीवा में श्रमिकों और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर विशाल प्रदर्शन आयोजित किया गया। संगठन ने श्रम कानूनों में सुधार की मांग को लेकर दोपहर 12 बजे से व्यंकट भवन के सामने धरना शुरू किया, जिसमें सैकड़ों श्रमिकों ने भाग लिया।

वक्ताओं ने बताया कि भारत सरकार द्वारा लागू चार श्रम कोड में से दो कोड का बीएमएस पहले से समर्थन कर चुका है, लेकिन शेष दो कोड (औद्योगिक संबंध संहिता और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता) में कुछ कमियां हैं। इनमें सुधार के लिए केंद्रीय श्रम मंत्री से कई बार पत्राचार और बैठकें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर आज पूरे देश में धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
इस कड़ी में रीवा में भारतीय मजदूर संघ ने सुबह 11:30 बजे से कोठी कंपाउंड में संगठित और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का भारी एकत्रीकरण किया। धरना बाद में विशाल रैली में बदल गया, जिसमें बीएमएस के नारे लगाते हुए पुराने कोर्ट परिसर और गायत्री मंदिर मार्ग से गुजरते हुए दोपहर 2 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। यहां कलेक्टर को माननीय प्रधानमंत्री और केंद्रीय श्रम मंत्री के नाम 8 सूत्रीय मांग पत्र का ज्ञापन सौंपा गया।
इसके अलावा स्थानीय समस्याओं को लेकर विभिन्न संबद्ध यूनियनों ने अलग-अलग ज्ञापन दिए। कार्यक्रम में राज्य कर्मचारी संघ, दैनिक वेतन भोगी एवं कार्यभारित श्रमिक संघ, भवन एवं अन्य निर्माण मजदूर संघ, मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी कर्मचारी संघ, कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ, ऑटो चालक संघ, ठेला गोमती एवं फुटपाथ श्रमिक संघ, आउटसोर्स कर्मचारी संघ, निजी सुरक्षा प्रहरी संघ, वीडी मजदूर संघ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संघ, हैंड पंप टेक्नीशियन संघ, होटल एवं लॉज श्रमिक संघ, नगर निगम श्रमिक कर्मचारी परिषद, लोक सेवा केंद्र कर्मचारी संघ, फूल उत्पादक एवं प्रसाद विक्रेता संघ, अल्ट्राटेक सीमेंट एवं माइंस मजदूर संघ, परिवहन कर्मचारी संघ, मध्य प्रदेश सचिव संघ, बिजली कर्मचारी संघ, स्व सहायता समूह कार्यकर्ता संघ सहित बीएमएस से जुड़ी सभी यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
जिला मंत्री विकास शुक्ला ने उपस्थित लगभग 500 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी ने संगठित शक्ति का परिचय दिया और कार्यक्रम को सफल बनाया। उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी जब संगठन बुलाए तो अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहेंगे। यह प्रदर्शन बीएमएस की राष्ट्रीय स्तर पर श्रमिक हितों की रक्षा और लंबित मांगों जैसे न्यूनतम पेंशन बढ़ोतरी, श्रम कानूनों का सार्वभौमिक लागूकरण, योजना कर्मचारियों का नियमितीकरण आदि को लेकर चल रही मुहिम का हिस्सा है।

No comments:

Post a Comment