Friday, 23 September 2022

मां को तलाशते हुए अटारी में गई बेटी तो रह गई दंग, भूसे के ढेर में दिखा हाथ

चोरी के इरादे से घर में घुसे आरोपियों ने महिला की हत्या कर शव भूसे में दबाया

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बदरी में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां चोरी के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने महिला की हत्या कर दी। और वारदात को छुपाने के लिए शव को अटारी में ले जाकर वहां रखे भूसे में दबा दिया। इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतिका की लड़की ससुराल से आई और मां को खोजते हुये अटारी पर गई। वहां देखा तो भूसे के ढेर में उसकी मां का हाथ झलक रहा था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। हत्या की जानकारी लगते ही  एसडीओपी सिरमौर, थाना प्रभारी सेमरिया एवं एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पीएम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। 

अकेली रहती थी महिला

बताया गया है कि हीराकली सिंह पत्नी स्व. राजभान सिंह 55 वर्ष अपने घर में अकेले रहती थी। उसकी एक लड़की पूनम सिंह और एक लड़का सुनील सिंह है। लड़की अपने ससुराल में रहती है और लड़का बाहर किसी कंपनी में काम करता है। घटना के वक्त महिला घर में अकेली ही थी। मृतिका की लड़की पूनम ने बताया कि उसने मां से बात करने के लिए फोन लगाया तो लगाई घंटी लगातार जा रही थी लेकिन फोन नहीं उठा, इस बीच फोन भी बंद हो गया। किसी अनहोनी की आशंका से पूनम सिंह बुधवार को अपने मायके बदरी पहुंची। यहां देखा तो घर का दरवाजा खुला था और घर में कहीं दिखाई नहीं दे रही थी। आसपास पता करने पर सभी ने कहा कि दो दिन से हीराकली को नहीं देखा। जब मां का कुछ पता नहीं चला तो पूनम गांव के लोगों को साथ लेकर थाना पहुंची और मां के गायब होने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। 

मां को तलाशते हुए अटारी में गई तो रह गई दंग

मां को तलासते हुये पूनम शुक्रवार की सुबह घर में बनी अटारी पर जा चढ़ी जहां भूसा रखा जाता था। पूनम जब ऊपर चढ़ी तो देखा कि भूसे के ढ़ेर से एक हाथ बाहर दिख रहा था। मां का शव होने की आशंका से पूनम ने शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। देखा तो भूसे के ढ़ेर में पूनम की मां हीराकली की लाश दबी हुई थी। यह जानकारी सेमरिया पुलिस को दी गई। आशंका जताई जा रही है कि  चोरी करने की नियत से घर में घुसे बदमाशों ने हीराकली की नींद खुलने पर उसकी हत्या कर दी होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

कृपया खबर पढ़ने के बाद शेयर करना न भूलें। Please share after reading the news.

No comments:

Post a Comment