रीवा जिले की गुढ़ तहसील के ग्राम पंचायत पुरास में शनिवार को जिला प्रशासन ने तालाब की सरकारी जमीन पर बने अवैध अतिक्रमणों को हटाने की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बाद यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी विरोध या अव्यवस्था की स्थिति से निपटा जा सके। रीवा-सीधी मार्ग पर स्थित पुरास गांव में तालाब की जमीन पर सैकड़ों अवैध मकान और निर्माण किए गए हैं। इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए उच्च न्यायालय ने पहले ही आदेश जारी किए थे, जिसके पालन में प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाया है।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व विभाग की पूरी टीम मौके पर मौजूद है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत कई थाना प्रभारियों को अपने दलबल के साथ तैनात किया गया है। प्रशासन की टीम सबसे पहले तालाब की जमीन पर बने अवैध निर्माणों को चिन्हित कर रही है और उसके बाद इन्हें हटाने का काम जारी है। अधिकारियों ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए तालाब की पूरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी प्रशासन ने इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया था, लेकिन स्थानीय लोगों के भारी विरोध के कारण कार्रवाई अधर में रह गई थी। इस बार बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर प्रशासन ने सख्ती बरती है।









