गंभीररूप से घायल युवक को लाया गया अस्पताल
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक बड़ी वारदात सामने आई है। बेटे के जन्मदिन पर परिजन बाजार से केक लेने के लिए गए थे। इधर घर में दोस्तों के साथ मौजूद बेटे पर बाइक में सवार होकर आए आरोपियों ने चाकू से हमला कर गोली मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे तत्काल अस्पताल लाया गया है।बताया जा रहा है कि विश्वविद्यालय थाने की इंदिरा नगर निवासी अमनराज खान पिता चांद हुसैन 17 वर्ष शनिवार की रात करीब 9 बजे घर के बरामदे में खड़ा था। उसका जन्मदिन था जिस पर परिजन केक लेने के लिए बाजार गए हुए थे। बर्थ-डे पीर्टी के लिए उसके कुछ साथी भी घर आए हुए थे। जिनके साथ खड़े होकर वह बरामदे में बात कर रहा था। उसी दौरान बाइक में सवार होकर आधा दर्जन युवक पहुंच गए। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया जिसमें वह घायल हो गया। उसने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली उसके पीठ में लगी और वह खून से लथपथ हालात वहीं गिर पड़ा। गोली चलने से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात में विकास दुबे, रूपेश ठाकुर, अंशु शुक्ला, अमन का नाम सामने आया हैं जिनके खिलाफ पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हल है।
घटना के कारण नहीं आए सामने
आरोपियों ने किस विवाद में इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया है इसका अभी पता नहीं चल पाया हैं। उसके साथ मौजूद दोस्तों को कोई पुराना विवाद होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस घायल किशोर के बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है। हालांकि अभी वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके बयान दर्ज होने के बाद ही विवाद के कारण सामने आएंगे।
No comments:
Post a Comment