कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कई जिलों के अध्यक्ष एक साथ बदले
रीवा। करीब चार वर्ष के बाद जिला कांग्रेस कमेटी में पार्टी ने बदलाव किया है। पार्टी ने अब जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी इंजी. राजेन्द्र शर्मा और शहर अध्यक्ष के पद का दायित्व लखनलाल खंडेलवाल को सौंप दिया है। ये दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। बतादें कि इसके पूर्व वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव के समय रीवा में संगठनात्मक परिवर्तन किया गया था। उस वक्त त्रियुगीनारायण शुक्ला को ग्रामीण और गुरमीत सिंह मंगू को शहर अध्यक्ष बनाया गया था। लेकिन विधानसभा चुनाव में पार्टी की बुरी गति हुई। कांग्रेस को जिले की सभी सीटें पर हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद लोकसभा चुनाव में भी रीवा जिले में पार्टी का प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा। तब से लगातार कार्यकर्ताओं द्वारा संगठन में बदलाव की मांग उठ रही थी। कई बार कार्यकर्ताओं ने बड़े नेताओं के सामने भी पदाधिकारियों का विरोध खुलकर किया था।महापौर चुनाव में बेहतरीन प्रबंधन का मिला ईनाम
रीवा महापौर के चुनाव में पहली बार कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। महापौर चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा के बड़े संगठन, सरकार एवं स्थानीय विधायक राजेन्द्र शुक्ला की लोकप्रियता के सामने मुकाबला करते हुए बड़े अंतर से जीत दर्ज की थी। बता दें कि इस चुनाव में इंजी. राजेन्द्र शर्मा की भूमिका अहम रही है। पूरे चुनाव में उनका बेहतरीन प्रबंधन देखा गया, जिसके चलते जीत हासिल हुई। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी द्वारा उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। वहीं शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी लखनलाल खंडेलवाल को सौंपी गई है। बतादें कि लंबे समय से वे स्वयं और उनका परिवार नगर निगम में पार्षद के रूप में चुनकर आता रहा है। इस बार भी उनकी पत्नी ने चुनाव जीता हे। लखनलाल वर्तमान में शहर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।
इसे भी देखें: Rewa News: ठंडे बस्ती में पड़ा अपर कमिश्नर का आदेश, एसडीएम मऊगंज का पलड़ा भारी
प्रदेश इकाई में भी कई नेताओं को मिली जगह
रीवा के कई कांग्रेस नेताओं को प्रदेश इकाई में भी शामिल किया गया है। जिसमें प्रमुख रूप से बसपा से आए पूर्व विधायक रामगरीब वनवासी, संजीव मोहन गुप्ता, विमलेन्द्र तिवारी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महासचिव के पद पर बृजभूषण शुक्ला, गुरमीत सिंह मंगू, मनीष गुप्ता, राजेन्द्र मिश्रा और शिवप्रसाद प्रधान को शामिल किया गया है।
No comments:
Post a Comment