Tuesday, 27 August 2024

Rewa News: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर उत्सव और भक्ति में डूबा शहर, बधाई गीतों की छाई गूंज

रहिये अपडेट, रीवा।  दुर्लभ संयोग में आए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम शहर से लेकर गांव तक रही। हर ओर से सुबह से लेकर देर रात तक भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। मंदिरों में जहां झांकी सजाकर जन्मोत्सव मनाया गया, वहीं घर-घर भक्तों ने व्रत, उपवास रखकर जन्माष्टमी मनाई। शहर में यादव महासभा द्वारा श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। साथ ही कई जगह मटकी फोड़ प्रतियोगिताएं भी हुईं, जिसमें युवाओं ने भरपूर आनंद लिया। सुबह से मौसम खुला रहा लेकिन देर शाम बारिश हुई फिर भी जन्माष्टमी का उत्साह कम नहीं हुआ। शहर के राधाकृष्ण मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने की भव्य तैयारी की गई थी। मंदिर में राधा-कृष्ण की झांकी सजाई गई और दिनभर भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। इसके बाद रात को भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान भक्तों ने पटाखे फोड़े और प्रसाद वितरण किया। इसी प्रकार शहर सहित ग्रामीण अंचलों में भी जगह-जगह श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम रही। नेहरू नगर के श्रीकृष्ण मंदिर में लोग परिवार के साथ जन्मोत्सव मनाने देर रात तक जमा रहे। 

इसे भी पढ़ें : Shri Krishna Janmashtami: दुर्लभ संयोगों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व, जानिए जन्माष्टमी के शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

यादव महासभा ने निकाली रैली
यादव समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले शहर में शोभा यात्रा निकाली गई। जो शहर के कालेज चौराहा, शिल्पी प्लाजा, स्वागतभवन, कलामंदिर सहित अन्य क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वापस कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में पहुंची। जहां पर देर शाम संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहर के आम लोग मौजूद रहे। ब्रह्माकुमारी संस्थान में कृष्ण जन्माष्टमी का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रीकृष्ण की झांकी सजाई गई एवं कृष्ण जन्म व बाल लीला का चित्रण रास और नृत्य के माध्यम से किया गया। साथ ही ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा गीत, संगीत, नृत्य, प्रवचन की प्रस्तुति दी गई। लक्ष्णमबाग मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। सुुुुबह भगवान का विशेष महाभिषेक किया गया। वहीं शाम को मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह से भाग लिया। इसके बाद देररात भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।  

इसे भी पढ़ें : Hal Chhath 2024: हलछठ का महिलाओं ने रखा व्रत, संतान की दीर्घायु के लिए की पूजा-अर्चना

केन्द्रीय जेल में हुआ आयोजन 
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव जेल में भी धूमधाम के साथ मनाया गया। जेल अधीक्षक एसके उपाध्याय ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म को लेकर जेल में आकर्षक झांकी सजाई गई थी जिसे खुद कैदियों ने तैयार किया था। झांकी में कारागार दिखाया गया था, जहां श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। इसके अतिरिक्त यमुना नदी, गोवर्धन पर्वत सहित भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल को सुंदर तरीके से प्रस्तुत किया गया था। रात में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद कैदियों को प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला भी पहुंचे और पूजन किया।     

No comments:

Post a Comment