Shri Krishna Janmashtami: दुर्लभ संयोगों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का महापर्व, जानिए जन्माष्टमी के शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

Sunday, 25 August 2024

/ by BM Dwivedi

रहिये अपडेट, रीवा। दुर्लभ संयोगों में जन्माष्टमी का महापर्व 26 अगस्त को जिलेभर में धूमधाम से मनाया जाएगा। बसामन मामा गौ अभ्यारण और कृष्णा राजकपूर आडिटोरिय में प्रमुख आयोजन होगा। जिसमें उपमुख्यमंंत्री राजेन्द्र शुक्ल विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा राधा-कृष्ण मंदिर घोघर सहित अन्य मंदिरों में जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा, जिसकी तैयारी कर ली गई है।  मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथि रोहिणी नक्षत्र एवं वृषभ राशि के चंद्रमा संचरण काल में मध्य रात्रि को हुआ था। ज्योतिर्विद राजेश साहनी ने बताया कि इस वर्ष 26 अगस्त को उपरोक्त सभी तत्वों का दुर्लभ सयोग बन रहा है जो की भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय थे। जिससे इस बार कृष्ण जन्माष्टमी का विशेष महत्व रहेगा और पुण्यदायी मानी गई। 

इसे भी पढ़ें : Hal Chhath 2024: हलछठ का महिलाओं ने रखा व्रत, संतान की दीर्घायु के लिए की पूजा-अर्चना

जन्माष्टमी के शुभ मुहूर्त
26 अगस्त दिन सोमवार को उदय कालीन अष्टमी तिथि होगी। इसी प्रकार रोहिणी नक्षत्र 26 अगस्त दोपहर 3.55 बजे से प्रारम्भ होकर 27 अगस्त को दोपहर 3.38 बजे तक संचरण करेगा। भगवान कृष्ण का जन्म मध्य रात्रि निशिथ काल मेे मनाया जाता है। इस वर्ष 26 अगस्त का निशीथ काल मध्य रात्रि 11.44 बजे से 12.29 बजे तक रहेगा, जिसमे श्रीकृष्ण जन्म उत्सव मानना शास्त्र सम्मत होगा।

इसे भी पढ़ें : Rewa में निराला नगर की झुग्गी बस्ती में चला बुल्डोजर, सड़क तक किए गए अतिक्रमण को हटाया

ऐसे मनाएं जन्माष्टमी
जन्माष्टमी पर्व पर घर के मुख्य द्वार पर चंदनवार आदि लगाते हुए पुष्प आदि से पूजा ग्रह को सुसज्जित करना चाहिए। मध्य रात्रि ठीक 12 बजे बाल गोपाल प्रतिमा को खीरे से निकालकर उनके जन्म के प्रतीक के रूप में शंख ध्वनि एवं अन्य वाद्य यंत्रों से स्वागत करना चाहिए। तदोपरांत प्रतिमा को पंचामृत से स्नान कराना चाहिए तथा यथासंभव पंचोपचार अथवा षोडशोपचार पूजन करना चाहिए। कृष्ण की बाल प्रतिमा को वस्त्र, यज्ञोपवित, चंदन, इत्र, पुष्प माला, धूप, मक्खन मिश्री एवं पंजीरी का नैवेद्य, फल, पान का बीड़ा तथा दक्षिणा समर्पित करना चाहिए। आरती के साथ ही गोपाल सहस्त्रनाम का पाठ करते हुए श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाना चाहिए।


गौ अभ्यारण्य व ऑडिटोरियम में होंगे कार्यक्रम
बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जिसमें गौ और कन्या पूजन के साथ ही कृष्ण के जीवन पर आधारित कार्यक्रम होगा। वहीं कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में यादव सभा, मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में विविध कार्यक्रम होंगे। शाम 7 बजे से कृष्ण नृत्य नाटिका एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुति होगी। दोनों कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। 

शिल्पी प्लाजा में होगी मटकी फोड़ प्रतियोगिता 
जन्माष्टमी के अवसर पर शिल्पी सेवा संस्थान एवं शिल्पी प्लाजा ओनर वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। शहर के शिल्पी प्लाजा ए एवं बी ब्लाक के बीच में 26 अगस्त सोमवार को मटकी फोड़ प्रतियोगिता होगी। जहां पर मुख्य अतिथि कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष इंजी. राजेन्द्र शर्मा, अध्यक्षता रीवा महापौर अजय मिश्रा (बाबा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश समन्वयक गुरुमीत सिंह मंगू एवं शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लखनलाल खण्डेलवाल होंगे। प्रतियोगिता का प्रथम पुरूस्कार 11 हजार रुपए एवं द्वितीय पुरूस्कार 5100 रुपए का होगा। प्रतियोगिता सायं चार बजे प्रारंभ होगी। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved