Satna: पेटीकोट के नाड़े से गला घोंटकर महिला की हत्या, अर्धनग्न अवस्था में मिला शव, दुष्कर्म की आशंका

Saturday, 16 September 2023

/ by BM Dwivedi

 

रहिये अपडेट, सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट (Chitrakoot) में चल रहे अमावस्या मेले के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। द्वितीय मुखारबिंद से राजौला की तरफ जाने वाली सड़क पर 40 मीटर अंदर ब्रह्मकुंड नाला के पास शुक्रवार की सुबह एक महिला का शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। चरवाहे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस नेे देखा कि सुनसान जगह पर 30-35 वर्षीय महिला का अर्धनग्न अवस्था में शव पड़ा है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अज्ञात हत्यारे ने पेटीकोट के नाड़े से महिला का गला घोंटा है। नाड़ा गले में फंसा हुआ था। मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसके हाथ में चूड़ियां और पैरों में पायल देखकर पुलिस अंदाजा लगा रही कि मृतका शादीशुदा रही होगी। वह बाहर से आई दर्शनार्थी भी हो सकती है। आशंका है कि चित्रकूट दर्शन के बहाने कोई उसे लाया और फिर मारकर भाग गया। हत्या की जगह कहीं और भी हो सकती है। शाम तक कोई भी उसकी पहचान के लिए सामने नहीं आया। कामतानाथ चौकी प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि मृतका की पहचान की कोशिश की जा रही है। दर्शनीय स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

Also Read:Rewa: क्लीनिक में मरीजों का उपचार कर रहे डॉक्टर पर फायरिंग, SGMH में भर्ती, जानिए पूरी घटना

नाखून से खरोंचने के निशान
सतना से फॉरेंसिक टीम से डॉ महेंद्र सिंह, अनिल विश्वकर्मा व मुकेश घटनास्थल पहुंचे और बारीकी से शव व आसपास मुआयना किया। मृतका के कुछ अंगों के पास नाखून से खरोंचने के निशान मिले हैं। उसके कपड़ों व नाखून में मिट्टी लगी मिली। अनुमान लगाया जा रहा कि मरने से पहले उसने हत्यारे से संघर्ष किया होगा।

Also Read:MP लोकायुक्त कार्रवाई: कलेक्ट्रेट गेट पर 2 लाख की रिश्वत लेते सीएमओ गिरफ्तार, बिल पास करने रखी मांग

मझगवां कराया पोस्टमार्टम
महिला के शव का पोस्ट मार्टम चित्रकूट में नहीं कराया गया। उसके शव को मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्ट मार्टम किया। कामतानाथ चौकी प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि पोस्टमार्टम में गला घोंटकर मारने की बात सामने आई है। बाकी जानकारी के लिए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved