Showing posts with label Job-education. Show all posts
Showing posts with label Job-education. Show all posts

Rewa News : रीवा के यश को एशियन शूटिंग में जीता गोल्ड, डिप्टी सीएम ने किया सम्मान

No comments

Sunday, 8 March 2026

रीवा शहर के ढेकहा निवासी प्रतिभाशाली निशानेबाज यश पांडे ने नई दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित एशियन राइफल-पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में 10 मीटर एयर राइफल यूथ टीम इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। इस उपलब्धि से उन्होंने न केवल देश और प्रदेश का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। 

आज रीवा में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने यश पांडे को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने युवा निशानेबाज की मेहनत और लगन की सराहना की तथा आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं। यश पांडे ग्राम पंचायत दादर के सरपंच अनुरुद्ध प्रसाद पांडे के नाती हैं। उनकी यह सफलता स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा साबित हो रही है। सटीक निशाना और मानसिक दृढ़ता के दम पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का परचम लहराया। परिवार, स्कूल और प्रशासन की ओर से यश को उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। यह उपलब्धि मध्य प्रदेश में निशानेबाजी खेल को और मजबूती देने वाली मिसाल है।

TRS Collage Rewa : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर टीआरएस महाविद्यालय में संवाद कार्यक्रम: महिला सशक्तिकरण पर गहन चर्चा

No comments

Saturday, 7 March 2026

रीवा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टीआरएस महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग ने प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी के निर्देशन में एक विचारोत्तेजक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं की वर्तमान स्थिति, उनके अधिकार, शिक्षा, समान अवसर और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा कर जागरूकता फैलाना था।


संयोजक एवं समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अखिलेश शुक्ल ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि यह दिवस केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समानता के प्रति समाज को जागृत करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने लैंगिक असमानता, सामाजिक रूढ़ियों और अवसरों की कमी जैसी चुनौतियों का जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी से समानता के मूल्यों को अपनाने की अपील की।
सहसंयोजक डॉ. महानन्द द्विवेदी ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का असली पैमाना वहां की महिलाओं की स्थिति है, और शिक्षा, आत्मनिर्भरता व आत्मविश्वास इसके मजबूत आधार हैं। प्रभारी प्राचार्य डॉ. महानन्द द्विवेदी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में महिलाओं के शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में बढ़ते योगदान की सराहना की तथा महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
कार्यक्रम में डॉ. मधुलिका श्रीवास्तव, डॉ. शाहिदा सिद्दीकी, डॉ. फरजाना बानो, डॉ. प्रियंका पांडे, डॉ. निशा सिंह, डॉ. गुंजन सिंह, डॉ. प्रियंका तिवारी और योगेश निगम सहित अन्य शिक्षकों ने महिला सशक्तिकरण, शिक्षा में भागीदारी, सामाजिक समानता और लैंगिक संवेदनशीलता पर अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से महिलाओं की स्थिति मजबूत करने पर जोर दिया। महाविद्यालय के शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्ण भागीदारी की।

Rewa News : रीवा एयरपोर्ट से अब रायपुर और कोलकाता के लिए भी डायरेक्ट फ्लाइट, डिप्टी सीएम ने बताई संचालन की डेट

No comments


विंध्य क्षेत्रवासियों के लिए खुशखबरी! रीवा एयरपोर्ट से दिल्ली और इंदौर के बाद अब रायपुर छत्तीसगढ़ और कोलकाता पश्चिम बंगाल के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू होने वाली हैं। इससे रीवा एयरपोर्ट देश के तीन प्रमुख इंटरनेशनल एयरपोर्ट्स दिल्ली, इंदौर के अलावा रायपुर और कोलकाता के माध्यम से पूर्वी भारत से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। 

मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने शनिवार को रीवा भाजपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि 17 मार्च 2026 से रीवा-रायपुर के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू होगी, जबकि 15 अप्रैल 2026 से रीवा-कोलकाता की उड़ानें संचालित होंगी। यह घोषणा विंध्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले रीवा से सीधी हवाई सेवा केवल दिल्ली और इंदौर तक सीमित थी। रायपुर से जुड़ने से छत्तीसगढ़ के साथ बेहतर व्यापारिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान संभव होगा, जबकि कोलकाता कनेक्शन पूर्वी भारत, विशेषकर बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों तक आसान पहुंच प्रदान करेगा।

UPSC 2025: विंध्य की बेटियों ने किया कमाल, रीवा की समीक्षा द्विवेदी को AIR 56, सतना की भूमिका जैन 331वीं रैंक के साथ चयनित

No comments

Friday, 6 March 2026


संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में विंध्य क्षेत्र की दो बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। रीवा की समीक्षा द्विवेदी ने ऑल इंडिया रैंक 56 प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है, जबकि सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चयन पाया है। दोनों की सफलता से विंध्य क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

तीसरे प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता

रीवा की रहने वाली समीक्षा द्विवेदी शुरू से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान हमेशा उत्कृष्ट अंक हासिल किए और आगे चलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। आईआईटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने देश सेवा का लक्ष्य तय किया और यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं।

समीक्षा के लिए यह सफर आसान नहीं था। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा तक पहुंचीं लेकिन आगे नहीं बढ़ सकीं। दूसरे प्रयास में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए साक्षात्कार तक का सफर तय किया, हालांकि अंतिम चयन नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में कड़ी मेहनत व धैर्य के साथ परीक्षा दी। इसी प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 56 हासिल कर ली।

परिवार में खुशी का माहौल

समीक्षा द्विवेदी के पिता श्रीनिवास द्विवेदी इंदौर में प्रदूषण नियंत्रण विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुनीता द्विवेदी हैं। उनके पति सुमित मिश्रा गुजरात के गांधीनगर में केनरा बैंक में मैनेजर हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं।

समीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। उनका कहना है कि कठिन समय में परिवार का सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। उनका लक्ष्य अब प्रशासनिक सेवा में जाकर ईमानदारी के साथ देश और समाज की सेवा करना है।


सतना की भूमिका जैन ने भी किया नाम रोशन

वहीं सतना जिले की बेटी भूमिका जैन ने भी यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने 331वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से सतना जिले में भी खुशी का माहौल है।

भूमिका जैन के पिता मनोज कुमार जैन सतना के कृष्णानगर इलाके में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता सृष्टि जैन हैं। एक सामान्य परिवार से आने के बावजूद भूमिका ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।

परिवार के अनुसार भूमिका बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर थीं और हमेशा बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखती थीं। परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता

यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन बहुत कम अभ्यर्थी ही सफलता हासिल कर पाते हैं। ऐसे में रीवा की समीक्षा द्विवेदी और सतना की भूमिका जैन की यह सफलता पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

TRS Collage Rewa में विश्व किशोर मानसिक कल्याण दिवस पर डिजिटल युग में किशोर मानसिक स्वास्थ्य पर हुई गहन चर्चा

No comments

Monday, 2 March 2026


रीवा। समाजशास्त्र विभाग, टी.आर.एस. कॉलेज, रीवा में विश्व किशोर मानसिक कल्याण दिवस के अवसर पर एक विशेष व्याख्यान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्रा संध्या वर्मा द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुआ, जिसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

कार्यक्रम का संचालन एवं उद्देश्य
प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का संयोजन प्रो. अखिलेश शुक्ल (विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र) तथा सह-संयोजन डॉ. महानन्द द्विवेदी ने किया। प्रो. अखिलेश शुक्ल ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में किशोरों का मानसिक स्वास्थ्य एक गंभीर एवं समयबद्ध मुद्दा बन चुका है। उन्होंने जोर दिया कि समय रहते समाधान खोजना और किशोरों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है।

वक्ताओं के प्रमुख विचार
सह-संयोजक डॉ. महानन्द द्विवेदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि किशोर मानसिक स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सकारात्मक और सहायक माहौल ही किशोरों को मानसिक रूप से मजबूत बना सकता है।
मुख्य वक्ता डॉ. धीरेंद्र मिश्रा (एसोसिएट प्रोफेसर, मनोरोग विभाग, मेडिकल कॉलेज सतना) ने डिजिटल युग की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक ने जीवन को सरल बनाया है, लेकिन किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य के सामने नई चुनौतियाँ भी खड़ी की हैं। उन्होंने विचारणीय प्रश्न उठाया—क्या हम 24 घंटे बिना मोबाइल के रह सकते हैं? क्या डिजिटल डिटॉक्स संभव है?डॉ. मिश्रा ने आंकड़ों के हवाले से बताया कि भारत में लगभग 253 मिलियन किशोर हैं, जिनमें से 40 प्रतिशत से अधिक नियमित रूप से इंटरनेट का उपयोग करते हैं। स्मार्टफोन की बढ़ती पहुंच ने अवसर तो बढ़ाए हैं, लेकिन शहरी-ग्रामीण डिजिटल खाई को भी उजागर किया है। 10–19 वर्ष की आयु पहचान निर्माण और भावनात्मक संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण दौर होता है, जिसमें निर्णय लेने की क्षमता पूर्ण विकसित नहीं होती, इसलिए डिजिटल प्रभाव अधिक गहरा पड़ता है।
मानसिक स्वास्थ्य पर डिजिटल प्रभाव
अत्यधिक डिजिटल उपयोग से तनाव, अवसाद, चिंता और अकेलापन जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मुख्य वक्ता ने स्पष्ट किया कि तकनीक स्वयं में बुरी नहीं है, बल्कि उसका अनुचित उपयोग हानिकारक होता है। उन्होंने संतुलित डिजिटल उपयोग, अभिभावक-शिक्षक सहयोग तथा जागरूकता को इन चुनौतियों से निपटने का प्रमुख उपाय बताया।

कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में डॉ. शाहेदा सिद्दीकी, डॉ. फरजाना बानो, डॉ. प्रियंका पांडे, डॉ. निशा सिंह, डॉ. गुंजन सिंह, डॉ. प्रियंका तिवारी, डॉ. रावेन्द्र सिंह, डॉ. मिर्जा अख्तर बेग, डॉ. ब्रम्हेन्द्र मिश्रा, डॉ. अश्वनी द्विवेदी, योगेश निगम तथा रत्नेश मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तार से समाधान किया। 
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. फरजाना बानो ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन डॉ. प्रियंका पांडे ने व्यक्त किया।

Rewa News : रीवा में 23 केंद्रों पर हुई MPPSC राज्य पात्रता परीक्षा

No comments

Sunday, 1 March 2026

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा रविवार 1 मार्च 2026 को प्रदेश के 12 जिलों में 390 केंद्रों पर एक साथ आयोजित की गई, जिसमें कुल लगभग 1 लाख 46 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। यह परीक्षा सहायक प्राध्यापक पदों की पात्रता निर्धारित करने के लिए ऑफलाइन मोड में एक ही पाली में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चली। 

रीवा जिले में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाये गए थे, जहां 8 हजार 822 पंजीकृत परीक्षार्थियों ने भाग लिया। कलेक्टर प्रतिभा पाल के कुशल निर्देशन में परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। सभी केंद्रों पर केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी लगाई गई तथा उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। हालांकि पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण एवं बिना किसी गड़बड़ी के सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे अभ्यर्थियों और प्रशासन दोनों में संतुष्टि का माहौल रहा।

MPPSC राज्य पात्रता परीक्षा 1 मार्च को, रीवा में 23 केंद्रों पर 8822 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, कलेक्टर ने लगाई व्यवस्था

No comments

Friday, 27 February 2026

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 1 मार्च 2026 को रीवा जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन (OMR आधारित) पद्धति से एक पाली में दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संपन्न होगी। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने परीक्षा सुचारु रूप से संपादित कराने के लिए केंद्राध्यक्षों की ड्यूटी लगाई है तथा उड़नदस्ता दलों का गठन किया गया है। 

पहले उड़नदस्ता दल में डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन एवं सीएसपी ऋतु उपाध्याय, दूसरे में संयुक्त कलेक्टर सुधीर बेक एवं सीएसपी राजीव पाठक, तथा तीसरे में एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी एवं डिप्टी एसपी उदित मिश्रा शामिल हैं। 

परीक्षा केंद्रों में गवर्नमेंट साइंस कॉलेज, गवर्नमेंट पी.जी. गर्ल्स कॉलेज, मार्तण्ड हायर सेकंडरी स्कूल नंबर 2 और 3, गवर्नमेंट एस.के. गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल, शासकीय पी.के. गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल, गवर्नमेंट हायर सेकंडरी स्कूल पांडेन टोला, गवर्नमेंट टीआरएस कॉलेज, गवर्नमेंट हायर सेकंडरी स्कूल नंबर 1 और 2, महारानी लक्ष्मीबाई कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी, ज्योति स्कूल पो.आ. जेपी, इंजीनियरिंग कॉलेज, सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल, उमादत्त स्मृति हायर सेकंडरी स्कूल, गीतांजलि पब्लिक स्कूल, सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल दीनदयाल धाम, सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल, ज्ञान स्थली सीनियर सेकंडरी, बालभारती स्कूल, गवर्नमेंट मार्तण्ड हायर सेकंडरी स्कूल नंबर 1, मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल तथा सरस्वती हायर सेकंडरी स्कूल शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 8822 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

Rewa News : रीवा में स्कूल प्रबंधन की लापरवाही से बोर्ड परीक्षा से वंचित हुई 12 छात्राएं

No comments

Wednesday, 11 February 2026


रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शासकीय कन्या हाई स्कूल दुआरी से लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां प्राचार्य और स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण कक्षा 10वीं की 12 छात्राओं का बोर्ड परीक्षा फॉर्म नहीं भरा जा सका, जिससे उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गया है।

स्कूल में कक्षा 10वीं में कुल 16 छात्राएं पढ़ रही हैं, लेकिन आरोप है कि प्राचार्य और संबंधित शिक्षकों की उदासीनता के चलते मात्र 4 छात्राओं का ही परीक्षा फॉर्म भरा गया, जबकि बाकी 12 छात्राएं फॉर्म भरने से वंचित रह गईं। प्रभावित छात्राओं और उनके अभिभावकों ने बताया कि उन्होंने परीक्षा फीस जमा कर दी थी और प्राचार्य ने आश्वासन दिया था कि फॉर्म भर दिए गए हैं, लेकिन बाद में पता चला कि फॉर्म नहीं भरे गए। 

प्रभावित छात्राओं के परिजन संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग, कलेक्ट्रेट और कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की है। शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि स्कूल प्राचार्य को तत्काल निलंबित किया जाए और 12 छात्राओं के परीक्षा फॉर्म भरकर उन्हें बोर्ड परीक्षा में शामिल होने का अवसर प्रदान किया जाए। 

Rewa News : रीवा में जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का हुआ आयोजन

No comments

Friday, 16 January 2026

राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल मार्तंड क्रमांक-3, रीवा में जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। परीक्षा में कक्षा 2 से 8 तक के रीवा विकासखंड के चयनित छात्र भाग ले रहे हैं। आज कुल 579 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, कल भी इतनी ही संख्या में बच्चों की परीक्षा प्रस्तावित है। परीक्षा केंद्र के रूप में रीवा ब्लॉक के लिए मार्तंड क्रमांक-3 को चुना गया है। पूरे रीवा जिले में कुल नौ ब्लॉकों में अलग-अलग परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 

परीक्षा में हिंदी, विज्ञान, गणित, अंग्रेजी, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान विषयों की परीक्षा ली जा रही है। यह आयोजन डीपीसी राजेश तिवारी और बीईओ आरएल दीपांकर के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। इस ओलंपियाड का मुख्य उद्देश्य बच्चों में ओएमआर शीट भरने की प्रक्रिया से परिचित कराना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना और उन्हें राज्य स्तरीय स्तर तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है। चयनित बच्चे राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

Rewa News : रीवा में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने का पर्पल फेयर का अनूठा आयोजन

No comments

Friday, 9 January 2026

रीवा के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मार्तंड क्रमांक-1 के परिसर में आयोजित पर्पल फेयर में विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए हैं। जिसका शुभारंभ सांसद जनार्दन मिश्रा ने किया। पर्पल फेयर में इन स्टॉलों के माध्यम से दिव्यांग बच्चों और युवाओं को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, बैसाखी तथा अन्य आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए जा रहे हैं। 

इसका मुख्य उद्देश्य उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करना और उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना है। कार्यक्रम के आयोजक समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र छतरपुर की टीम विशेष रूप से रीवा पहुंची है। टीम का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी दिव्यांग बच्चा अपनी मूलभूत आवश्यकताओं के अभाव में पीछे न रहे। उनका मानना है कि जब संसाधन, सम्मान और अवसर एक साथ उपलब्ध होते हैं, तभी दिव्यांगजन समाज की मुख्यधारा में आत्मविश्वास के साथ कदम रख पाते हैं। 

Rewa News : रीवा में NSUI ने कुलपति और प्राचार्यों पर आरएसएस व बीजेपी का एजेंट होने का लगाया आरोप

No comments

रीवा के अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय और TRS महाविद्यालय सहित अन्य शासकीय कॉलेजों में NSUI ने आज जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। छात्र संगठन ने कुलपति, प्राचार्यों और अन्य शिक्षाधिकारियों को आरएसएस तथा बीजेपी का एजेंट बताते हुए शिक्षा के राजनीतिकरण का गंभीर आरोप लगाया। विरोध के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने कुलपति और विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों को “भाजपा सदस्य” लिखी नेमप्लेट भेंट करने का प्रयास किया। टीआरएस कॉलेज की प्राचार्य ने नेमप्लेट लेने से इनकार कर दिया इस दौरान प्राचार्य और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई। 

प्राचार्य ने कहा कि उन्होंने केवल युवाओं से आरएसएस द्वारा आयोजित विवेकानंद जयंती कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है, न कि किसी राजनीतिक संगठन के लिए प्रचार किया है। विरोध का मुख्य कारण स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को आरएसएस द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन से जुड़ा एक वायरल वीडियो है। इस वीडियो में विश्वविद्यालय के कुलपति सहित कई प्राचार्यों ने छात्रों-युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। NSUI का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में राजनीतिक संगठनों का प्रचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। NSUI ने चेतावनी दी है कि आने वाले 10 दिनों में वे शिक्षा के राजनीतिकरण के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेंगे। बता दें कि इस दौरान टीआरएस कॉलेज में पहले से ही बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

Maihar News : अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही मैहर की अंजना सिंह को डीजीपी ने किया सम्मानित

No comments

Thursday, 8 January 2026

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अंजना सिंह को पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने सम्मानित किया। मैहर जिले की रहने वाली अंजना सिंह को यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर मध्य प्रदेश पुलिस की जागरूकता मुहिम "नशे से दूरी है जरूरी" का संदेश पहुंचाने के लिए यह सम्मान दिया गया। डीजीपी ने अंजना सिंह को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने अंजना की उपलब्धियों की सराहना की और कहा कि उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। 

बतादें कि अंजना सिंह मैहर जिले के अमरपाटन तहसील के बेंदुरा कला गांव की निवासी हैं। साधारण किसान परिवार से आने वाली अंजना ने मनाली के अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग से प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने इससे पहले गणतंत्र दिवस 2025 पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराया था और अब माउंट एल्ब्रस फतह कर नशामुक्ति का संदेश भी दिया। अंजना का अगला लक्ष्य माउंट एवरेस्ट फतह करना है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे विंध्य क्षेत्र और मध्य प्रदेश को गर्व की अनुभूति हो रही है।

Rewa Post office: स्पीड पोस्ट और पार्सल बुकिंग के लिए मुख्य डाकघर अब रात 8 बजे तक खुलेगा

No comments

Friday, 2 January 2026


रीवा। भारतीय डाक विभाग ने आम जनता की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। जिले के मुख्य डाकघर में स्पीड पोस्ट, पार्सल और अन्य डाक बुकिंग के काउंटर का समय अब बढ़ा दिया गया है।

01 जनवरी 2026 से अवकाश के दिनों को छोड़कर प्रतिदिन रात 8 बजे तक स्पीड पोस्ट, पार्सल और डाक बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यह देर रात्रि बुकिंग सेवा मध्य प्रदेश के सभी मुख्य डाकघरों में लागू की गई है।इसके अलावा, जिले के सभी डाकघरों में अब डिजिटल भुगतान भी स्वीकार किया जाएगा, जिससे ग्राहकों को कैश ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
यह जानकारी रीवा प्रधान डाकघर के मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव ने दी है। डाक विभाग के इस कदम से कार्यालयीन समय के बाद आने वाले लोगों को विशेष राहत मिलेगी और डाक सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग हो सकेगा।

Rewa News: आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 22 तथा सहायिका के 52 पदों में होगी भर्ती, आवेदन 10 जनवरी तक

No comments

Thursday, 1 January 2026

रीवा. महिला एवं बाल विकास के तहत संचालित बाल विकास परियोजनाओं में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के 22 पदों और सहायिका के 52 पदों पर भर्ती की जा रही है। इसके लिए केवल ऑनलाइन आवेदन 10 जनवरी तक किया जा सकता है। पात्र महिला उम्मीदवार एमपी ऑनलाइन द्वारा तैयार चयन पोर्टल पर 10 जनवरी तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि सभी पद पूरी तरह से अस्थाई और मानदेय पर आधारित हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के लिए परियोजना रायपुर क्रमांक एक में तीन, रीवा शहरी में एक, जवा में चार, रीवा ग्रामीण में एक, सिरमौर एक में चार, सिरमौर दो में एक, त्योंथर में एक, रायपुर कर्चुलियान परियोजना दो में दो, गंगेव परियोजना दो में तीन तथा रीवा परियोजना दो में दो पदों पर भर्ती की जा रही है। 

आंगनवाड़ी सहायिका पद के लिए परियोजना रायपुर क्रमांक एक में पाँच, रीवा शहरी में 10, जवा में 11, परियोजना गंगेव एक में तीन, रीवा ग्रामीण एक में दो, सिरमौर एक में चार, सिरमौर दो में दो, त्योंथर में चार, रायपुर कर्चुलियान परियोजना दो में दो, गंगेव परियोजना दो में चार तथा रीवा परियोजना दो में पाँच पदों पर भर्ती की जा रही है। शैक्षणिक योग्यता तथा अन्य अर्हताओं की जानकारी चयन पोर्टल पर देखी जा सकती है। आवेदन जिस आंगनवाड़ी केन्द्र के लिए किया गया है आवेदिका को ग्रामीण क्षेत्र में उसी गांव तथा शहरी क्षेत्र में उसी वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है। इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता हायर सेकण्डरी पास निर्धारित की गई है। आवेदिका की आयु एक जनवरी 2025 की स्थिति में 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदन पत्र भरने के बाद यदि उसमें किसी तरह की त्रुटि अथवा सुधार की जरूरत है तो उसे 12 जनवरी तक सुधार करने का अवसर रहेगा। आवेदन पत्र केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे। 

APSU Rewa News : अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों में अनियमितता, छात्रों ने कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन

No comments

Monday, 29 December 2025

रीवा। अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (एपीएसयू) के छात्रों ने बीए, बीएससी और बीसीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणामों में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को कुलसचिव को ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि परिणामों में असामान्य रूप से बड़ी संख्या में छात्रों को अनुत्तीर्ण दिखाया गया है, जो मूल्यांकन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाता है।

छात्रों की मुख्य शिकायतें
  • उच्च असफलता दर: हाल ही में घोषित परिणामों में बीए द्वितीय वर्ष, बीएससी प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा बीसीए द्वितीय वर्ष के लगभग 90% छात्रों को सप्लीमेंट्री या जीरो अंक दिखाए गए हैं। छात्रों ने बताया कि कई मामलों में एक ही सब्जेक्ट में अधिकांश छात्र फेल कर दिए गए, जो सामान्य शैक्षणिक प्रवृत्ति से मेल नहीं खाता।
  • आरटीआई और शुल्क संबंधी आपत्ति: यदि परिणामों में विश्वविद्यालय की लापरवाही है, तो छात्रों को अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए आरटीआई के तहत अतिरिक्त शुल्क जमा करने को मजबूर किया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि वे पहले ही परीक्षा शुल्क और अन्य फीस जमा कर चुके हैं, इसलिए यह अन्यायपूर्ण है।
  • समय सीमा की समस्या: आरटीआई के तहत उत्तर पुस्तिका प्राप्त करने में 30 दिनों की देरी हो रही है, जबकि आगामी परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 5 जनवरी 2026 है। यदि पुस्तिकाएं समय पर नहीं मिलीं, तो छात्र फॉर्म भरने से वंचित रह जाएंगे, जो उनके शैक्षणिक भविष्य को प्रभावित करेगा।
छात्रों ने बताया कि वे विभिन्न महाविद्यालयों से हैं, जिनमें मॉडल साइंस कॉलेज शामिल है। उन्होंने पूर्व वर्षों में भी ऐसी त्रुटियों की शिकायत की थी, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। छात्रों का आरोप है कि प्रशासन छात्र हित की बात तो करता है, लेकिन वास्तव में कोई सुविधा नहीं प्रदान करता।छात्रों की मांगें
  • परीक्षा परिणामों की तत्काल पुनः समीक्षा और पुनर्मूल्यांकन।
  • उत्तर पुस्तिकाओं को आरटीआई के तहत निशुल्क या त्वरित रूप से उपलब्ध कराना।
  • विश्वविद्यालय की लापरवाही का आर्थिक दंड छात्रों से न वसूलना।
ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्रों को अभी कोई आश्वासन नहीं मिला है। विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन में यह घटना हुई। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है।
Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved