रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बार फिर बकरा-बकरी चोरों के शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने बीती रात करीब 2 से ढाई बजे के बीच वार्ड क्रमांक 6, लॉ कॉलेज के पीछे स्थित बस्ती में बड़ी चालाकी से चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता बुजुर्ग महिला बसंती सोधिया के अनुसार, अज्ञात चोरों ने पहले घर के आसपास दवा का छिड़काव किया, जिसकी तेज दुर्गंध अब तक महसूस हो रही है। इस दवा के प्रभाव से परिवार को बेहोश कर बाहर से दरवाजा बंद करके घर के अंदर ही कैद कर दिया गया। चोरों ने घर के पास स्थित बंद पड़ी आंगनबाड़ी केंद्र में बंधी 9 बड़ी बकरियां और 4 बकरे कुल 13 मवेशी चुरा लिए।
उन्होंने कहा कि इतनी संख्या में मवेशियों को पैदल ले जाना संभव नहीं था, इसलिए चोरों ने चार पहिया वाहन का इस्तेमाल किया होगा। महिला ने बताया कि ये बकरे-बकरियां उनकी आजीविका का मुख्य साधन हैं। सुबह घटना का पता चलने पर पीड़िता सिविल लाइन थाना पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment