Singrauli news : सिंगरौली में रेल लाइन से चोरी हुई 150 फीट पटरी, एक आरोपी गिरफ्तार

Friday, 16 January 2026

/ by BM Dwivedi

सिंगरौली जिले के सासन क्षेत्र में एनटीपीसी रिहंद नगर की रेल लाइन से करीब 150 फीट लंबी लोहे की पटरी चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने गैस कटर की मदद से पटरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर ले जाने की कोशिश की थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई पूरी पटरी बरामद कर ली और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद पटरी कुल 19 नग टुकड़ों में थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। 

पुलिस के अनुसार, चोरों ने पटरी को 5-5 फीट के टुकड़ों में काटा था। घटना में इस्तेमाल किया गया एक गैस सिलेंडर भी जब्त कर लिया गया है। शिकायत गुरुवार को अशोक कुमार शर्मा निवासी ग्राम नौन और एनटीपीसी रिहंद नगर की सिक्योरिटी एजेंसी के प्रतिनिधि द्वारा थाना कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 21 वर्षीय हनीफ खान को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर ही चोरी की गई रेल पटरी के टुकड़े और गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved