Rewa News : इंदौर से रीवा आ रही बस में भीषण आग, कई यात्रियों ने कूदकर बचाई जान, टायर फटने से लगी आग

Wednesday, 14 January 2026

/ by BM Dwivedi

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बम्हौरी ढाबे के पास मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंदौर से रीवा जा रही जय भवानी ट्रेवल्स की यात्री बस में चलते-चलते भीषण आग लग गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, लेकिन समय पर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है, हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना मंगलवार रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बस 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, तभी अचानक एक टायर फट गया। टायर फटने से निकली चिंगारियों ने बस के आसपास ज्वलनशील सामान में आग लगा दी, जो देखते ही देखते पूरी बस में फैल गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि बस का डीजल सड़क पर फैलने से वहां भी लपटें उठने लगीं।पीछे चल रहे एक ट्रक चालक ने बस के टायर में आग लगने का इशारा किया, लेकिन बस नहीं रुकी। ट्रक चालक ने अपनी गाड़ी बस के आगे लगाकर जबरन रोक दी। तब तक टायर पूरी तरह जल चुका था। 

बस रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस से कूदकर बाहर निकले। ढाबा संचालक बंटी खालसा और उनके कर्मचारियों ने मदद कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।हादसे के बाद बस का ड्राइवर और क्लीनर मौके से फरार हो गए। यात्रियों का सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड करीब एक घंटे बाद पहुंची, तब तक बस का केवल ढांचा बचा था। बस कंपनी की ओर से वैकल्पिक बस की कोई व्यवस्था नहीं की गई, जिससे यात्री देर रात सड़क पर फंसे रहे।

इस बस में इंदौर का एक परिवार भी सवार था, जो 12 जनवरी को मांझे से गर्दन कटने से मृत रघुवीर धाकड़ की अस्थियां प्रयागराज ले जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के मुख्य कारण की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक रूप से टायर फटना और उससे निकली चिंगारियां जिम्मेदार बताई जा रही हैं।यह घटना सड़क सुरक्षा और वाहनों की मेंटेनेंस पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved