Rewa News : रीवा में मूलभूत सुविधाओं वंचित ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

Monday, 12 January 2026

/ by BM Dwivedi

रीवा जिले के रायपुर कर्चुलियान जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अमिलिया के ग्रामीणों ने सोमवार को अपनी लंबे समय से लंबित मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और मुख्य द्वार पर धरना दे बैठे। लगभग दो घंटे तक धरने पर बैठे रहने के बावजूद न तो कलेक्टर और न ही जिला पंचायत सीईओ उनसे मिलने आए। बताया गया कि कलेक्टर कार्यालय से बाहर होने के कारण नहीं पहुँचीं, जबकि सीईओ ने ग्रामीणों से बात करने से साफ इनकार कर दिया। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। महिलाएँ, बच्चे और बुजुर्ग सभी एकजुट होकर कलेक्टर एवं प्रशासन के खिलाफ जोर-जोर से नारेबाजी करने लगे। 

मौके पर पहुँचे एसडीएम ने स्थिति को संभालते हुए ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें आश्वासन दिया कि अगले सात दिनों के अंदर एसडीएम और सीईओ दोनों ग्राम का दौरा करेंगे, विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान करेंगे तथा गाँव को पेयजल आपूर्ति योजना से जोड़ा जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने पिछले कई वर्षों में प्रभारी मंत्री, मुख्यमंत्री, कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ को बार-बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन निराकरण नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि गाँव में सड़क न होने के कारण वर्षा के दिनों में प्रसूता महिलाओं और गंभीर बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुँचाना बेहद कठिन हो जाता है। इसके अलावा गाँव में शौचालयों की भी भारी कमी है। शहर से महज 15 किलोमीटर दूर स्थित इस गाँव में आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved