रीवा शहर की व्यस्त सड़कों पर बिना ड्राइविंग लाइसेंस और पर्याप्त अनुभव के नाबालिग चालक ई-रिक्शा और ऑटो दौड़ा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो रही है और राहगीरों के लिए जान का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को अस्पताल चौराहे पर यातायात पुलिस की विशेष चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में नाबालिग चालक पकड़े गए। ये ज्यादातर 17 वर्षीय युवक थे, जो ई-रिक्शा और ऑटो चला रहे थे। इनमें से अधिकांश के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस था और न ही वाहन चलाने का कोई अनुभव। कई ई-रिक्शा में नंबर प्लेट पर अंक ही नहीं अंकित थे, जिससे वाहन की पहचान लगभग असंभव हो रही थी।
पुलिस द्वारा ऐसे वाहनों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू होते ही नाबालिग चालकों और कुछ अन्य ई-रिक्शा संचालकों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। कुछ चालक उपमुख्यमंत्री के आवास की ओर शिकायत दर्ज कराने के लिए रवाना भी हो गए। लेकिन यातायात पुलिस ने किसी भी विरोध के बावजूद अपनी कार्रवाई में कोई ढील नहीं दी और सख्त रुख अपनाया। यातायात थाना प्रभारी अनीमा शर्मा ने बताया, “ई-रिक्शा चालकों द्वारा बेतरतीब और लापरवाही से वाहन चलाने से अन्य वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो जान-माल को भी खतरा हो जाता है। ऐसे में बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और नाबालिगों द्वारा चलाए जा रहे ई-रिक्शा के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।”

No comments
Post a Comment