मुलायम सिंह यादव काफी समय से चल रहे थे बीमार
समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। आज सोमवार की सुबह 8.16 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। 82 साल के मुलायम सिंह का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार चल रहा था, वह कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे। उनकी हालत पिछले रविवार से नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के निधन से सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
बता दें कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह राजनेता के अलावा पहलवान और शिक्षक भी रहे हैं। उन्होंने एक लंबी सियासी पारी खेली। उत्तर प्रदेश में तीन बार मुख्यमंत्री रहे। केंद्र सरकार में भी उन्होंने रक्षा मंत्री के रूप से सेवा दी थी। मुलायम सिंह को सियासत में बेहद साहसिक फैसले लेने के लिए भी जाना जाता है।
मुलायम सिंह का स्वास्थ्य काफी समय से खराब चल रहा था। 22 अगस्त को तकलीफ बढऩे पर उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और एक अक्टूबर की रात को उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। मुलायम सिंह यादव का इलाज मेदांता में डॉक्टरों का एक पैनल रहा था।
सपा अध्यक्ष व मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ ही हैं। दिल्ली से उनका शव लखनऊ लाने की तैयारी की जा रही है। लखनऊ से फिर उनका शव इटावा ले जाया जाएगा। सैफई में कल तीन बजे मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
No comments
Post a Comment