रीवा.अग्निपथ योजना के तहत भारतीय सेना द्वारा महिला अग्निवीरों की रैली भर्ती 19 से 22 अक्टूबर तक जबलपुर में आयोजित होने जा रही है। जिसमें शामिल होने के लिए पात्र बेटियों को 7 सितम्बर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन पंजीयन के बाद ही रैली भर्ती में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। प्रशासन द्वारा भी महिला अग्निवीरों की भर्ती के लिए जांबाज बेटियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कलेक्टर मनोज पुष्प ने इस संबंध में बताया कि जो बेटियां 7 सितम्बर तक पंजीयन कराएंगी उन्हें फिजिकल ट्रेनिंग तथा लिखित परीक्षा के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा। भर्ती रैली में भाग लेने के लिए मार्गदर्शन की व्यवस्था के लिए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी तथा जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी विकासखण्ड स्तर पर व्यवस्था कर रहे हैं।
बताया गया है कि भर्ती रैली में 17 वर्ष 6 माह की आयु से लेकर 23 वर्ष तक की लड़कियां भाग ले सकती हैं। 19 से 22 अक्टूबर तक जबलपुर में आयोजित होने जा रही महिला सैन्य पुलिस भर्ती रैली में मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ के सभी जिलों की पात्र युवतियां भाग ले सकती हैं। रैली के संबंध में विशेष जानकारी प्राप्त करने के लिए www.joinindianarmy.nic.in पर 7 सितम्बर तक ऑनलाइन पंजीयन कराया जा सकता है। भर्ती के संबंध में अन्य जानकारी के लिए फोन नम्बर 0761-2607637 पर सम्पर्क किया जा सकता है।कृपया खबर पढ़ने के बाद शेयर करना न भूलें। Please share after reading the news.
No comments
Post a Comment