रीवा। एयरपोर्ट रीवा से यात्री विमान सेवाएं प्रारंभ होने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। अब एक बार फिर निर्धारित तारीख स्थगित की गई है। पूर्व में जारी किए गए शेड्यूल में कई लोगों ने टिकट बुक करा रखा है। जिसमें रीवा से भोपाल के लिए अधिक यात्री शामिल हैं। कुछ रीवा और खजुराहो के भी बताए गए हैं। यह प्लेन 15 और 16 नवंबर को चलनी थी लेकिन इस निर्धारित तिथि पर हवाई सेवा का संचालन नहीं हो पाया है। जिसकी वजह से इन यात्रियों के लिए 18 और 19 नवंबर को विशेष रूप से प्लेन चलाए जाने की संभावना जताई गई है। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि सप्ताह भर के भीतर नियमित सेवा की शुरुआत हो सकती है। इसके लिए 15 नवंबर की संभावित तिथि बताई जा रही है। बतादें कि एयरपोर्ट का लोकार्पण बीते महीने 20 अक्टूबर को हुआ था। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के सतत प्रयास के चलते रीवा को यह उपलब्धि हासिल हुई है।
सप्ताह में पांच दिन का जारी हुआ है शेड्यूल
एयरपोर्ट से विमान सेवा प्रारंभ करने के लिए फ्लाईबिग कंपनी ने 19 सीटर विमान के लिए अपना शेड्यूल जो जारी किया है, उसमें सप्ताह में पांच दिन नियमित सेवा का उल्लेख है। इसके अनुसार सोमवार को फ्लाइट लखनऊ से चित्रकूट के लिए सुबह 8.30 बजे उड़ान भरकर 9.25 बजे चित्रकूट लैंड करेगी। यहां कुछ समय रुककर 9.50 बजे चित्रकूट से खजुराहो के लिए उड़ान भरेगी। 10.35 पर खजुराहो उतर जाएगी और 11 बजे रीवा के लिए उड़ेगी जो 11.55 पर पहुंचेगी। इसके बाद 12 बजे भोपाल के लिए उड़ेगी जो 14.25 बजे भोपाल में लैंड करेगी। मंगलवार, बुधवार और गुरुवार को इस एयरलाइन का शेड्यूल अलग है। जिसमें भोपाल से रीवा के लिए सुबह 8 बजे विमान उड़ान भरेगा। रीवा सुबह 10.05 बजे आएगा, यहां से खजुराहो के लिए 10.35 बजे रवाना होकर 11.30 बजे खजुराहो पहुंचेगा। खजुराहो से रीवा के लिए 11.50 बजे उड़ान भरेगा और रीवा 12.45 बजे पहुंचेगा। रीवा से भोपाल के लिए 13.10 बजे उडकऱ 15.15 बजे भोपाल पहुंचेगा। बताया गया है कि इस शेड्यूल में संशोधन होने की भी संभावना है।
शुक्रवार और शनिवार ये रहेगा समय
शुक्रवार को विमान का समय भोपाल से रीवा के लिए सुबह 8 बजे है। रीवा पहुंचने के बाद खजुराहो के लिए 10.30 बजे उड़ान रहेगी। इसके बाद खजुराहो 11.25 बजे और वहां से चित्रकूट के लिए प्रस्थान 11.50 बजे होगा जो 12.35 बजे चित्रकूट में लैंड होगी। चित्रकूट से दोपहर 14.05 बजे विमान लखनऊ पहुंचेगा। शनिवार को फ्लाइट लखनऊ से सुबह 8.30 बजे उड़ान भरेगी। चित्रकूट में आगमन 9.25 बजे होगा। चित्रकूट से प्रस्थान करके 10.35 बजे खजुराहो लैंड होगी। खजुराहो से वापस चित्रकूट के लिए 11 बजे उड़ान होगी और चित्रकूट आगमन 11.45 बजे होगा। चित्रकूट से लखनऊ के लिए 12.10 बजे उड़ान भरकर 13.15 बजे फ्लाइट लैंड करेगी।
उड़ान योजना के तहत 19 सीटर विमान के लिए रीवा, खजुराहो, भोपाल की स्वीकृति हुई है। कर्मचारियों की पोस्टिंग भी कर दी गई है। कंपनी को 18 नवंबर से सेवा प्रारंभ करने की अनुमति मिली है। इसलिए उम्मीद है कि सप्ताह भर के भीतर नियमित सेवा प्रारंभ करने का सेटअप तैयार हो जाएगा। 25 नवंबर के बाद सेवा नियमित रहेगी।
रामजी अवस्थी, डायरेक्टर एयरपोर्ट अथारिटी भोपाल
No comments
Post a Comment