Rewa News: महिलाओं ने हरियाली तीज पर हरित साज-श्रृंगार और श्याम भजनों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया उत्सव

Sunday, 13 July 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा: श्रावण मास की हरियाली और रिमझिम फुहारों के बीच रीवा शहर की महिलाओं ने हरियाली तीज का रंगारंग आयोजन किया। यह भव्य कार्यक्रम स्त्री रोग विशेषज्ञ व समाजसेविका डॉ. रेखा सिंघल के निज निवास पर उल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। शहर के संभ्रांत परिवारों की महिलाओं ने हरे परिधान, रंग-बिरंगी चूड़ियों, आकर्षक मेहंदी, गजरा और बांधनी साड़ी-लहंगे के साथ हरित सोलह श्रृंगार में सज-धजकर राधा-कृष्ण भक्ति से सराबोर माहौल बनाया।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं से हुई, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मेहंदी प्रतियोगिता में लता संथालिया प्रथम, वीणा डागा द्वितीय और सीमा बंसल तृतीय रहीं। बेस्ट चूड़ी सेट प्रतियोगिता में मनीषा दुबे ने पहला, रश्मि ने दूसरा और विजयश्री सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। हरियाली क्वीन का खिताब नम्रता अग्रवाल, अनुराधा तिवारी और ज्योति प्रधान को मिला। बेस्ट सिंगर, डांसर और अन्य रोचक प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर आकर्षक पुरस्कार जीते।
राधा-कृष्ण के मौसमी फूलों से सजे झूले और श्याम भजनों ने कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बनकर सभी को मंत्रमुग्ध किया। महिलाएं झूले पर सैल्फी लेती नजर आईं। आयोजक डॉ. रेखा सिंघल ने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलबाला श्रीवास्तव थीं। संचालन निशी प्रणाली ने किया, जबकि मनोग्ज्ञा सिंह और गगन सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। यह आयोजन महिलाओं के उत्साह और भक्ति से भरा एक यादगार अवसर रहा।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved