सतना में शराब के लिए पैसे मांगने पर जब ठेला संचालक ने मना किया, तो एक युवक ने फरसा लेकर उसे जान से मारने की नीयत से दौड़ाया। यह वारदात गुरुवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पतेरी चौराहे पर हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिद्धार्थ सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात पंकज नामक युवक पतेरी चौराहे के पास अपना मोमोज का ठेला लगा रहा था। तभी आरोपी सिद्धार्थ सिंह वहां पहुंचा और पंकज से गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। जब पंकज ने इनकार किया, तो सिद्धार्थ ने फरसा उठाकर उसे दौड़ा लिया और मारने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बीच-बचाव किया और पंकज को किसी तरह बचाया। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी सिद्धार्थ सिंह को हिरासत में ले लिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments
Post a Comment