उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज रीवा जिले के बसामन मामा गौवंश वन्य विहार परिसर में आयोजित पंचवटी वृक्षारोपण कार्यक्रम में स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में भाग लिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने पंचवटी के पांच पवित्र वृक्षों अश्वत्थ, वट, पीपल, आम और नीम का रोपण किया। यह अभियान प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वस्थ और संतुलित भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम गौ सेवा, सनातन मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को मजबूती प्रदान कर रहा है। इससे पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में चल रही श्री गौभक्तमाल कथा के द्वितीय दिवस के आरंभ से पहले विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि सभी को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय वातावरण मिल सके। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने इस अवसर पर कहा कि गौ माता की सेवा हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। पंचवटी वृक्षारोपण और गौभक्तमाल कथा जैसे कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, गौ संरक्षण तथा आध्यात्मिक जागरण को भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि ऐसे पुनीत संकल्पों में सक्रिय भागीदारी करें।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)

No comments
Post a Comment