Rewa News : रीवा से हो रही थी देश भर में साइबर ठगी, रीवा–सूरत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, में बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 13 युवक गिरफ्तार

Sunday, 1 March 2026

/ by BM Dwivedi

 


रीवा और सूरत पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। रीवा की शिल्पी उपवन कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर पुलिस ने 13 युवकों को गिरफ्तार किया है, जो ऑनलाइन ठगी का संगठित कारोबार चला रहे थे। सभी आरोपियों को विश्वविद्यालय थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। विश्वविद्यालय थाना प्रभारी हितेंद्र नाथ शर्मा ने बताया कि सूरत में एक रिटायर्ड कर्मचारी से एपीके फाइल के जरिए ओटीपी हासिल कर करीब 7 लाख रुपये की ठगी की गई थी। दिसंबर में दर्ज इस मामले की जांच के सिलसिले में सूरत पुलिस की टीम रीवा पहुंची और स्थानीय पुलिस व साइबर सेल के साथ मिलकर लगभग एक सप्ताह तक तकनीकी जांच की। जांच के दौरान संदिग्धों को चिन्हित कर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

दबिश के दौरान मकान से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त किए गए हैं। पकड़े गए युवकों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और अधिकांश आरोपी उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार एपीके फाइल के माध्यम से ओटीपी प्राप्त कर बैंक खाते की जानकारी हासिल कर रकम निकाली जाती थी। प्रारंभिक जांच में 13 युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिनकी भूमिका तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तय की जाएगी। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में एक बड़े अंतरराज्यीय साइबर फ्रॉड गिरोह का खुलासा हो सकता है।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्हें इस गतिविधि की भनक तक नहीं थी और इतनी संख्या में युवक किराए के मकान में रहकर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि आसपास संदिग्ध गतिविधियां या असामान्य रूप से अधिक संख्या में लोग किराए पर रह रहे हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved