रीवा जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हर्दी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके नीचे दबने से ट्रैक्टर के मालिक और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक ट्रैक्टर मालिक की पहचान ग्राम हर्दी निवासी प्रदुमन सिंह सेंगर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रदुमन सिंह अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। उन्होंने हर्दी निवासी विशंभर सिंह की ट्रॉली पहुंचाई थी और एक ट्रॉली खड़ी कर दूसरी ट्रॉली लेकर वापस गांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और पलट गया।
ट्रैक्टर के नीचे दबने से दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बैकुंठपुर पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसजीएमएच भिजवा दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।

No comments
Post a Comment