Satna News : सतना में पति की बेरहमी ने छीन ली पत्नी की याददाश्त, मासूम बेटे के सामने की हैवानियत

Sunday, 8 March 2026

/ by BM Dwivedi

सतना जिले से सामने आई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। चरित्र पर शक और फोन पर बातचीत के छोटे-से विवाद को लेकर पति ने अपनी पत्नी पर क्रूरता की इंतहा कर दी। पत्थर, डंडे, चप्पल और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटने के कारण महिला की याददाश्त ही चली गई। वह अब किसी को पहचान नहीं पा रही है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़िता को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। 28 साल की पीड़िता शिवानी गुप्ता मूल रूप से सतना जिले के बिरसिंहपुर की रहने वाली हैं। उनकी शादी करीब 6 साल पहले नागौद निवासी पुनीत गुप्ता से हुई थी, जो फिलहाल बैढ़न में रह रहे हैं। शिवानी के पिता लक्ष्मण प्रसाद गुप्ता ने बताया कि दामाद अक्सर बेटी के चरित्र पर शक करता था। विवाद तब और भड़क गया जब शिवानी ने पति को फोन पर किसी और से बात करते सुना और इस पर आपत्ति जताई। गुस्से में भड़क उठे पुनीत ने पत्नी पर जानलेवा हमला बोल दिया। 

इस दौरान मौके पर मौजूद उनका मासूम बेटा रियांश गुप्ता ने पूरी वारदात देखी। बच्चे के अनुसार, पिता ने सबसे पहले पत्थर से मां का हाथ कुचल दिया। फिर डंडे से पैरों पर वार किए और चप्पलों से मुंह व आंखों पर बेरहमी से प्रहार किया। जब गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ तो लोहे की रॉड और पत्थर से सिर पर कई गंभीर वार किए, जिसके कारण शिवानी बेहोश हो गईं। सिर पर लगी गहरी चोटों के चलते शिवानी की याददाश्त पूरी तरह प्रभावित हो गई है। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य अस्पताल में पीड़िता को देखने तक नहीं पहुंचा। मायके वालों ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved