सीधी जिले के बहरी क्षेत्र अंतर्गत डीसी कुबरा में बुधवार सुबह बिजली विभाग के कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 11 केवी विद्युत लाइन पर काम कर रहे दो मैकेनिक अचानक करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और अन्य कर्मचारियों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कराकर दोनों घायलों को नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार डीसी कुबरा क्षेत्र में 11 केवी विद्युत लाइन पर उपकरण लगाने और नई लाइन खींचने का काम चल रहा था। सुरक्षा नियमों के तहत लाइन को परमिट पर बंद कर दिया गया था और इसी आधार पर कर्मचारी पोल पर चढ़कर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे पोल पर मौजूद दोनों मैकेनिक करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों झुलस गए और संतुलन बिगड़ने से पोल से नीचे गिर पड़े।
घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए बिजली सप्लाई बंद कराई और दोनों घायलों को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल मैकेनिकों में सुरेश सिंह और एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सुरेश सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल का इलाज सीधी के एक निजी अस्पताल में जारी है।
इस घटना के बाद बिजली विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लाइन परमिट पर बंद थी, इसके बावजूद बिजली सप्लाई चालू हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किसने और कैसे बिजली आपूर्ति चालू की। वहीं विभागीय स्तर पर भी मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

No comments
Post a Comment