सीधी जिले के संजय गांधी महाविद्यालय में बन रहे नए भवन के निर्माण कार्य में श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगा है। एनएसयूआई ने मजदूरों की सुरक्षा और अधिकारों की अनदेखी को लेकर श्रम विभाग में ज्ञापन सौंपा है तथा तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने गुरुवार दोपहर असिस्टेंट लेबर ऑफिसर आकांक्षा पाठक को आवेदन सौंपते हुए बताया कि निर्माण स्थल पर मजदूरों को हेलमेट, सुरक्षा जूते या कोई अन्य सेफ्टी इक्विपमेंट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपकरणों की कमी के कारण कई मजदूर चोटिल हो चुके हैं, कुछ के पैरों में चोटें आई हैं तो कुछ के सिर में गंभीर चोट लगी है, लेकिन प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिहार ने आरोप लगाया कि मजदूरों से रोजाना 13 घंटे से अधिक समय तक लगातार काम कराया जाता है, जो श्रम कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही, उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और भुगतान नकद में किया जाता है। निर्माण स्थल पर पीने के पानी और रहने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। मजदूरों व स्थानीय लोगों की शिकायतों पर भी प्रबंधन ने कोई ध्यान नहीं दिया।असिस्टेंट लेबर ऑफिसर आकांक्षा पाठक ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जाएगी और यदि श्रम कानूनों का उल्लंघन सिद्ध होता है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

No comments
Post a Comment