संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में विंध्य क्षेत्र की दो बेटियों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। रीवा की समीक्षा द्विवेदी ने ऑल इंडिया रैंक 56 प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि दर्ज की है, जबकि सतना की भूमिका जैन ने 331वीं रैंक हासिल कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चयन पाया है। दोनों की सफलता से विंध्य क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
तीसरे प्रयास में हासिल की बड़ी सफलता
रीवा की रहने वाली समीक्षा द्विवेदी शुरू से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी पढ़ाई के दौरान हमेशा उत्कृष्ट अंक हासिल किए और आगे चलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की। आईआईटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने देश सेवा का लक्ष्य तय किया और यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं।
समीक्षा के लिए यह सफर आसान नहीं था। पहले प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा तक पहुंचीं लेकिन आगे नहीं बढ़ सकीं। दूसरे प्रयास में उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करते हुए साक्षात्कार तक का सफर तय किया, हालांकि अंतिम चयन नहीं हो पाया। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और तीसरे प्रयास में कड़ी मेहनत व धैर्य के साथ परीक्षा दी। इसी प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 56 हासिल कर ली।
परिवार में खुशी का माहौल
समीक्षा द्विवेदी के पिता श्रीनिवास द्विवेदी इंदौर में प्रदूषण नियंत्रण विभाग में कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता सुनीता द्विवेदी हैं। उनके पति सुमित मिश्रा गुजरात के गांधीनगर में केनरा बैंक में मैनेजर हैं। बेटी की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं।
समीक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। उनका कहना है कि कठिन समय में परिवार का सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा। उनका लक्ष्य अब प्रशासनिक सेवा में जाकर ईमानदारी के साथ देश और समाज की सेवा करना है।
सतना की भूमिका जैन ने भी किया नाम रोशन
वहीं सतना जिले की बेटी भूमिका जैन ने भी यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उन्होंने 331वीं रैंक प्राप्त कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) के लिए चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से सतना जिले में भी खुशी का माहौल है।
भूमिका जैन के पिता मनोज कुमार जैन सतना के कृष्णानगर इलाके में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता सृष्टि जैन हैं। एक सामान्य परिवार से आने के बावजूद भूमिका ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
परिवार के अनुसार भूमिका बचपन से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर थीं और हमेशा बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखती थीं। परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों युवा इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन बहुत कम अभ्यर्थी ही सफलता हासिल कर पाते हैं। ऐसे में रीवा की समीक्षा द्विवेदी और सतना की भूमिका जैन की यह सफलता पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।


No comments
Post a Comment