मध्यप्रदेश के मंदसोर में शिवना नदी का लगातार बढ़ रहा जलस्तर
मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ के हालात निर्मित हो गए हैं। उज्जैन संभाग के मंदसौर जिले में भी शिवना नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंचे गई है। शिवना नदी में बाढ़ की वजह से घाट के आसपास सारे मंदिर डूब गए हैं। यहां तक की भगवान पशुपतिनाथ मंदिर में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान शिव के अष्ट मुख के दर्शन होते हैं। लेकिन बाढ़ का पानी मंदिर में भर जाने से भगवान भोलेनाथ के सभी आठ मुख जलमग्न हो गए हैं। बताया गया है कि अभी भी पानी का स्तर बढ़ रहा है। बताया जाता है कि भगवान पशुपतिनाथ की प्रतिमा शिवना नदी से ही प्रकट हुई है। ऐसे में माता शिवना भगवान का जलाभिषेक करती हुई नजर आ रही हैं। बताया गया है कि 16 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे भगवान पशुपतिनाथ का अष्ट मुखी शिवलिंग पूरी तरह से पानी में डूब गया। ऐसी ही स्थिति साल 2019 में भी बनी थी। जब पूरा मंदिर पानी में डूब गया था, सिर्फ मंदिर का शिखर दिखाई दे रहा था।

No comments
Post a Comment