बोले-एक वार्ड की चुनी है जनता, जनपद क्षेत्र की नहीं
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के नईगढ़ी जनपद अध्यक्ष ममता कुंज बिहारी तिवारी एवं उनके पति कुंज बिहारी तिवारी इन दिनों सुर्खियों में है। शासन की विकास यात्रा पर खलल पैदा करना जैसे उनकी मंशा बन गई हो। कहीं पति द्वारा विवाद किया जाता है तो कहीं पत्नी विवाद की स्थिति पैदा कर शोहरत लेने का प्रयास कर रही हैं। जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत चिल्ल में विकास यात्रा के दौरान जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी के पति कुंज बिहारी तिवारी द्वारा अमित मिश्रा से मारपीट का मामला शांत भी नहीं हुआ कि उनकी पत्नी जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी ममता कुंज बिहारी तिवारी का एक वीडियो सामने आ गया। जिसमें वह विधानसभा अध्यक्ष से विकास यात्रा के दौरान सभा में नोक-झोंक करती दिखाई दे रहीं है। मजे की बात तो यह है कि इस नोक-झोंक में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने जनपद अध्यक्ष नईगढ़ी को आईना दिखाने का भरसक प्रयास किया। ये अलग बात है कि विधानसभा अध्यक्ष की समझाईश को वह मानतीं है या नहीं, परंतु वायरल वीडियो इस बात को लेकर सुर्खियों में है कि एक जनपद अध्यक्ष को उनकी सीमा बता दी गई। गौरतलब है कि 7 फरवरी के दिन विकास यात्रा जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत गेरुआरी सेंगरान में पहुंची। जहां सभा का आयोजन था और विधानसभा अध्यक्ष बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सिरकत करने पहुंचे हुये थे। बताते है कि भूमि पूजन के कार्यक्रम के साथ ही विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की बात कर रहे थे। तभी बीच में कार्यक्रम में खलल डालते हुये जनपद अध्यक्ष ममता तिवारी विधानसभा अध्यक्ष से रसोईयों और मनरेगा के मजदूरों की मजदूरी बढ़ाये जाने की बात रखते हुये नोक-झोक में उतर गई और कहा कि उनको जनता ने चुन कर अध्यक्ष बनाया है। यह सुन कर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनपद अध्यक्ष क्षेत्र की जनता ने नहीं चुना इस बात को अपने मन से निकाल दे। वह केवल जनपद सदस्य चुनी गई थी। जनपद सदस्यों ने उनको अध्यक्ष चुना है। हलांकि मंच में बैठे लोगो ने जनपद अध्यक्ष से कार्यक्रम की समाप्ति तक शांत रहने के लिए दबाव बनाया तब जाकर मामला कहीं शांत हुआ।दीपक दिखाने चला सूरज को रोशनी!
कार्यक्रम के दौरान जिस वक्त जनपद अध्यक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष को बताया कि उनको जनता ने चुन कर जनपद अध्यक्ष बनाया है तो यह सुन कर लोगों के बीच खुसुर -फुसर चलनी शुरु हो गई। भीड़ में तो कुछ लोगों के मुंह से यह तक निकल गया कि दीपक सूरज को रोशनी दिखाने चला है। शायद इस बात का एहसास नहीं कि विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को देवतालाब विधानसभा क्षेत्र के मतदाता लगातार अपना विधायक चुन रहे। यहां तक कि मनगवां विधानसभा क्षेत्र की जनता ने एक बार उनको अपना विधायक चुना था। वह तो महज नईगढ़ी जनपद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 जिसमें चिल्ल, बदौआ, इटौरा और बेलहा ग्राम पंचायत आती है वहां के लगभग 7 सौ मतदाताओं ने अपने मत देकर चिल्ल निवासी प्रत्याशी सुरेश दुवेदी से लगभग 120 वोट से जीत दिलाई थी। ये अलग बात है कि गुणा गणित कर जनपद सदस्यों को अपने पक्ष में कर जनपद अध्यक्ष की कुर्सी हासिल कर ली।
No comments
Post a Comment