जवा थाना क्षेत्र में पांच दिन पूर्व हुई थी वारदात, जनता में भर गया था आक्रोश
रीवा। पुलिस कंट्रोल रूम में शुक्रवार के दिन एसपी विवेक सिंह ने जवा थाना क्षेत्र से सर्राफा व्यापारी के हुए अपहरण का खुलासा कर दिया। सायबर सेल की मदद से जवा पुलिस ने यूपी में दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा। शेष आरोपी अभी भी फरार है जिनको सरेंडर किये जाने के लिए पुलिस लगातार आरोपियों के परिजनो पर दबाव बना रही है। एसपी विवेक सिंह ने बताया कि अपहरण कर लूट करने के आरोप में उनकी पुलिस टीम ने उदयराज सिंह उर्फ मुन्ना सिंह पिता स्व. दल बहादुर सिंह 41 वर्ष निवासी ओबरी थाना बडग़ढ़ जिला चित्रकूट यूपी, राहुल कुमार द्विवेदी पिता नीलकंठ द्विवेदी 25 वर्ष निवासी चंदई थाना मऊ जिला चित्रकूट यूपी एवं रतन सिंह उर्फ गोलू पिता दिनेश सिंह 23 वर्ष निवासी टिकरा थाना मऊ जिला चित्रकूट यूपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से छीना हुआ मोबाइल, अपहरण में प्रयुक्त गमच्छा, बाइक एवं 5 सौ रूपये नगद बरामद किये गये है। एसपी श्री सिंह ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 20 मई की रात सितलहा पुल के पास से सर्राफा व्यापारी मोतीलाल सोनी पिता राम प्रतीत सोनी निवासी नगमा का अपहरण कर लिये थे। रास्ते में मारपीट कर उसकी जेब में रखे 6 हजार रूपये नगद एवं मोबाइल छीनने के बाद गढ़ी रोड पर छोड़ कर भाग निकले थे। आरोपियों को पकडऩे में जहां सायबर सेल प्रभारी वीरेंद्र पटेल, उप निरीक्षक शैल यादव, अरविंद सिंह राठौर की अहम भूमिका रही है वहीं दूसरी ओर एसडीओपी डभौरा विनोद सिंह परिहार के साथ जवा थाना प्रभारी गीताजंली सिंह और स्टाफ का भी सराहनीय योगदान रहा है।
डाकू गौरी के लिए मुन्ना सिंह करता था काम, छग में पदस्थ टीआई का लड़का भी निकला लुटेरा
यदि हम सूत्रों की बातों पर भरोसा करें तो पुलिस के हत्थे लगा आरोपी उदयराज सिंह उर्फ मुन्ना सिंह निवासी ओबरी थाना मऊ डाकू गौरी यादव के गिरोह का सदस्य हुआ करता था। यूपी के मानिकपुर सहित अन्य थानों में उदयराज सिंह के ऊपर कई अपराध दर्ज है। जिनमें से ट्रेन डकैती, लूट, मारपीट जैसे जघन्य अपराध शामिल है। गौरी यादव के मरने के बाद आरोपी छुटपुट वारदातों को अंजाम देता रहा। लेकिन एमपी में घुस कर जवा थाना क्षेत्र में वारदात करने पर सलाखों के पीछे जा पहुंचा। आश्चर्य की बात तो यह कि यदि हम सूत्रों की माने तो फरार आरोपियों में से एक छग में पदस्थ टीआई का पुत्र है तो दो अन्य फरार आरोपी टिकैत गुट किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष का लड़का है। वारदात में प्रयुक्त चार पहिया वाहन भी टीआई के पुत्र की बताई जा रही है जो अभी पुलिस के हाथों से दूर है।
सास के साथ गया था खरीददारी करने, लुटेरे की नियत पलटी
पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया लुटेरा राहुल कुमार द्विवेदी की ससुराल जवा थाना क्षेत्र के ग्राम नगमा है। जहां उसका आना-जाना था। अपनी सास के साथ राहुल जवा स्थित नगमा निवासी मोतीलाल सोनी के ज्वेलर्स की दुकान गया हुआ था। सास खरीदारी में उलझी हुई थी और दामाद का शैतानी दिमाग शिकार का वजन तौल रहा था। अपने गांव जाकर उदयराज सिंह से मुलाकात की और लूट की योजना को अंजाम देने गिरोह के साथ जवा आ पहुंचा। घटना की रात घात लगाकर जवा पुल के पास सर्राफा व्यापारी के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी आया धक्का मार कर उसकी गाड़ी गिरा दी और उसे अपने वाहन में बैठा लिया। व्यापारी के हाथ से बैग छीन कर देखा तो उनके मंसूबों में पानी फिर गया। सोचा था कि बैग में सोना चांदी होगा लेकिन उसमें दुकान की चाबी देख लुटेरों का माथा ठनक गया। और उसके साथ मारपीट कर जेब में रखे पैसे और मोबाइल छीनने के बाद वाहन से नीचे धक्का मारकर गिरा दिया और यूपी की ओर चले गये।
No comments
Post a Comment