रीवा के दामाद चंद्रयान-3 की मॉरीसस से कर रहे मॉनीटरिंग, गौरवशाली दिन पर साइंटिस्ट के परिजन हुए सम्मानित

Saturday, 15 July 2023

/ by BM Dwivedi

 

रीवा. चंद्रयान-3 छोड़े जाने के बाद देशभर में लोग प्रसन्नता जाहिर कर रहे हैं। इस बीच शहर के नेहरू नगर मोहल्ले के लोगों ने भी जश्न मनाया। चंद्रयान छोड़े जाने के बाद कई स्थानों से उसकी मॉनीटरिंग की जा रही है। इसी टीम का हिस्सा साइंटिस्ट ओम पांडेय भी हैं। वह मूलरूप से सतना जिले के करसरा कोठी के रहने वाले हैं। उनकी ससुराल नेहरू नगर मोहल्ले में है। वे बिजली कंपनी के कर्मचारी हरिश्चंद्र शुक्ला के दामाद हैं। हरिश्चंद्र की बेटी और साइंटिस्ट की पत्नी शिखा पांडेय इन दिनों नेहरू नगर में ही हैं।

ओम पांडेय फरवरी महीने से इस चंद्रयान प्रक्षेपण के लिए मॉरीसस में काम कर रहे हैं। वहीं से चंद्रयान-3 की निगरानी करेंगे। इसके पहले दो बार चंद्रयान की मॉनीटरिंग में भी वह शामिल रहे हैं। इस गौरवशाली दिन पर नेहरू नगर की पार्षद नम्रता सिंह एवं मोहल्ले के लोगों ने हरिश्चंद्र के घर पहुंचकर पूरे परिवार को सम्मानित किया। कहा, यह मोहल्ले के लिए गर्व की बात है कि चंद्रयान मिशन से जुड़े साइंटिस्ट का परिवार और रिश्तेदार यहां हैं। इस दौरान रामवती शुक्ला, रोहित शुक्ला और प्रीती शुक्ला को भी सम्मानित किया गया। पार्षद के साथ दुर्गा सिंह, कौशल सिंह, दुर्गाशंकर पांडेय, सतीश दुबे, छत्रसाल सिंह सेंगर, संजय सिंह बघेल, गुड्डू पटेल सहित अन्य मौजूद रहे।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved