जम्मू. देश के कई राज्यों में बारिश कहर बरपा रही है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भारी बारिश जारी है। जम्मू के कठुआ जिले के बनी इलाके में बाढ़ और भूस्खलन से कई मकान ढह गए। हादसों में 8 की मौत हो गई। कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने बाढ़ में फंसे नौ लोगों को निकाला। रियासी जिले के कटरा शहर में बुधवार को 42 साल बाद सर्वाधिक 315.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश से त्रिकुटा पहाड़ियों पर वैष्णो देवी मंदिर में हेलिकॉप्टर और बैटरी कार सेवा रद्द कर दी। पुराने मार्ग से यात्रा जारी है। डोडा, किश्तवाड़, अनंतनाग समेत कई जिलों में बारिश हो रही है। गुजरात के कई जिलों में मूसलाधार बारिश के बाद जलभराव के हालात पैदा हो गए।
देश को 10-15 हजार करोड़ का नुकसान
मानसून के दौरान आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। एसबीआइ की रिसर्च रिपोर्ट इकोरैप के अनुसार बाढ़ की वजह से 10,000 से 15,000 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया कि बाढ़ से होने वाली क्षति और हाल ही आए चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाएं देश के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
No comments
Post a Comment