Rewa: रामानुज संस्कृत विश्वविद्यालय ज्ञान अध्यात्म और सनातन धर्म के विकास का बनेगा केंद्र

Saturday, 7 October 2023

/ by BM Dwivedi

रीवा। लक्ष्मणबाग मंदिर परिसर में रामानुज संस्कृत विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया। इस दौरान मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सांसद जनार्दन मिश्र, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंत्री शुक्ल ने कहा कि संस्कृत भाषा भारत ही नहीं दुनिया की अनेक भाषाओं की जननी है।  कोई व्यक्ति किसी भी भाषा का हो और कितनी भी उन्नति कर जाए उसके जीवन के जन्म से लेकर मरण तक के संस्कार संस्कृत के मंत्रों से ही पूरे होते हैं। विंध्यवासियों का तीन पीढियों का सपना पूरा हो रहा है। रामानुज संस्कृत विश्वविद्यालय ज्ञान अध्यात्म और सनातन धर्म के विकास का केंद्र बनेगा। आज सनातन धर्म को कई ओर से चुनौती मिल रही है। इसे देश विरोधी तत्वों द्वारा मिटाने का प्रयास किया जा रहा है । ऐसे में संस्कृत भाषा ही है जो हमेशा हमेशा के लिए कायम रखने का प्रयास करेगी। सांसद ने कहा कि दुनिया का सर्वश्रेष्ठ ज्ञान संस्कृत के ग्रंथों में है। हमें इससे अपना नाता जोड़ना होगा। पुष्पराज सिंह ने कहा कि उत्तर भारत का रीवा सबसे बड़ा केन्द्र रहा है। महाराजा विश्वनाथ सिंह ने संस्कृत को बढ़ाने के लिए कई प्रयास किए थे। इस दौरान डॉ अंजनी प्रसाद पांडेय, डॉ ज्ञानवती अवस्थी, बलभद्र प्रसाद शुक्ला, जयराम शुक्ल, राजेंद्र पांडेय आदि ने संबोधित किया। समारोह में बलराम शास्त्री, केशव प्रसाद पांडे, सत्यजीत पांडे, डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी, शिवम चतुर्वेदी, शेषमणि पटेल, संस्कृत महाविद्यालय की प्राचार्य डॉक्टर कल्पना तिवारी, दीनानाथ शास्त्री सहित अन्य मौजूद रहे।

उज्जैन विश्वविद्यालय से रहेगा संबद्ध

रीवा में रामानुज संस्कृत विश्वविद्यालय का संचालन फिलहाल महर्षि पाणिनि विश्वविद्यालय उज्जैन की संबद्धता पर होगा। यह उज्जैन विश्वविद्यालय के परिसर के रूप में काम करेगा। विधानसभा में आर्डिनेंस पारित होने के बाद ही यह अलग विश्वविद्यालय के रूप में अस्तित्व में आएगा। भूमिपूजन के बाद कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि महात्मा गांधी का भस्मी कलश जिस भवन में रखा गया था, उसमें संस्कृत विश्वविद्यालय का संचालन उचित नहीं है। इसके लिए अलग स्थान का चयन किया जा सकता था। रीवा में गांधी की स्मृतियों से जुड़ा यही एक स्थान है।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved