रीवा. नगर विजयाउत्सव समिति द्वारा इस वर्ष भी आकर्षक रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले तैयार कराए जा रहे हैं। आयोजन समिति के सियाराम गुप्ता ने बताया कि 51 फिट ऊंचा आकर्षक रावण का पुतला तथा 50 फिट कुंभकरण और 45 फिट के मेघनाद के पुतले तैयार किए जा रहे हैं। बताया कि पाली बिरसिंहपुर के कलाकार पुतले तैयार करने में जुटे हुए हैं।
इस दौरान पुतला तैयार करने वाले कलाकारों ने बताया कि वे पिछले कई सालों से दशहरा के समय में उपरोक्त पुतलों का निर्माण करते आ रहे हैं। रीवा में पिछले वर्ष भी उनके द्वारा ही पुतले तैयार किए गए थे। इस वर्ष रावण के पुतले की ऊंचाई थोड़ी अधिक है। बताया कि अभी तक साठ फीसदी काम हो गया है। दशहरे को दोपहर तक रावण, कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बनकर तैयार हो जाएंगे। पुतलों में आकर्षक आतिशबाजी की व्यवस्था की गई है। सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। इस वर्ष दर्शकों को आतिशबाजी एवं लाइटिंग का अद्भुत नजारा देखा जा सकेगा।

No comments
Post a Comment