रहिये अपडेट, रीवा. रीवा डिवीजनल क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व दिवंगत खिलाड़ी हेमंत सिंह की स्मृति में खेली जा रही अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नीसेन्ट इंडियन स्कूल की टीम ने 1 विकेट से जीत लिया है। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रिषभ सिंह रहे।
एमपीसीए क्रिकेट मैदान में 50-50 ओवरों के इस निर्णायक मैच में गेंदबाजों का बोलबाला रहा। जिसमे पहले बल्लेबाजी करते हुये नालंदा कान्वेंट स्कूल की टीम की पारी एक अच्छी शुरूआत के बावजूद लड़खड़ा गयी व उनकी पूरी टीम 23वें ओवर में ही 88 रनों के योग पर सिमट गयी। नालंदा स्कूल की पारी को सस्ते में समेटने में नीसेंट के गेंदबाजों विनय प्रताप सिंह एवं रिषभ सिंह ने जबरदस्त बालिंग की। विनय ने 5 एवं रिषभ ने 3 विकेट उखाड़ें। जीत के लिये मिले 89 रनों के सामन्य से लक्ष्य के सामने नीसेन्ट स्कूल की टीम ने 1 विकेट खोकर 54 रन बनाते हुये जोरदार शुरूआत की तथा लगा कि मैच एकपक्षीय समाप्त होगा। परंतु उसके बाद नालंदा स्कूल के गेंदबाजों एवं फील्डरों ने गजब का पलटवार किया तथा नीसेन्ट स्कूल एक के बाद एक 9 विकेट गिराकर मैच को रोमांचक मोड़ पर ला दिया। किंतु अंतिम बल्लेबाज ने जीत के लिये जरूरी रन बनाकर अपनी टीम को एक विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। नीसेन्ट स्कूल की ओर से आदर्श पाण्डेय ने 25 रन एवं रिषभ सिंह ने 22 रनों की मैच जिताऊ पारियॉ खेली। फाइनल मैच के अंपायर जीतेन्द्र गुप्ता एवं धीरेन्द्र शुक्ला रहे जबकि स्कोरर विकास सिंह थे ।
खेल के समापन पर रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक महेन्द्र सिंह सिकरवार मुख्य आतिथ्य में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। जिसमें श्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार 15 विकेट लेने वाले नालंदा कान्वेट स्कूल के अमरनाथ मिश्रा को दिया गया जबकि श्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरूस्कार नालंदा स्कूल के शुभम सिंह को दिया गया, जिन्होंने 248 रन बनाये। सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरूस्कार नीसेन्ट इंडियन स्कूल के रिषभ सिंह को दिया गया जिन्होंने 110 रन बनाने के साथ-साथ 10 विकेट भी लिये। स्व. हेमंत सिंह स्मृति विजेता ट्राफी नीसेन्ट इंडियन स्कूल को प्रदान की गयी एवं उप विजेता ट्राफी नालंदा कान्वेंट स्कूल को दी गयी। इस मौके पर पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि खेल हमे खिलाड़ी भावना सिखाते हैं, जो बहुत महत्वपूर्ण होती है। वस्तुत: खिलाड़ी कभी नहीं हारता क्योंकि हार में ही जीत का मार्ग होता है। इस दौरान आरडीसीए के अध्यक्ष राजीव खन्ना, सह सचिव समीर टंडन, शैलेन्द्र पाण्डेय, शकील खान, महेन्द्र सिंह, देवेश शुक्ला, विजय वाजपेयी सहित खेलप्रेमी मौजूद रहे।

No comments
Post a Comment