कलेक्टर कार्यालय के सामने किसान सत्याग्रह, आवारा मवेशियों की समस्या के प्रबंधन की किसानों ने उठाई मांग

Tuesday, 22 October 2024

/ by BM Dwivedi

रीवा. जिले में व्याप्त ऐरा पशुओं की समस्या को लेकर किसान सत्याग्रह का वरिष्ठ किसान नेता कौशल सिंह ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर शुरुआत किया। वहीं किसानी की कठिनाइयों पर वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही ऐरा पशु मुक्ति अभियान समिति के तत्वावधान में प्रभारी मंत्री के नाम का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। 

समिति के संरक्षक मीसाबंदी बृहस्पति सिंह ने कहा कि पिछले बीस सालों से मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जिसकी गलत नीतियों एवं कुप्रबंधन की वजह से आज समूचे विन्ध्य क्षेत्र में बेरोजगारी बढ़ी है। जिसका एक प्रमुख कारण किसान की खेती से आय का कम होना है। गांव, कस्बे का युवा किसान खेती में अपना भविष्य नहीं देख पा रहा। हर गांव टोले में सौ से दो सै गौवंश है जो किसानो की खड़ी फसल को नुकसान पहुचा रहे हैं। वहीं संयोजक पूर्णानंद तिवारी ने कहा कि युवा और किसान बार बार प्रशासन और सरकार के प्रतिनिधियों से पिछले इसके समाधान की गुहार लगा रहा है। लेकिन ऐरा पशुओं की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है।  हिनौती गौ वन्य विहार को ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए बिना मंजूरी शिलान्यास की सुर्खियां बटोरी गई उसका चंद महीनों में ही अस्वीकृत हो जाना, शासन-प्रशासन की नीयत पर भी सवाल खड़े करता है। सत्याग्रह में एड. वीरेंद्र सिंह, मीसाबंदी रामेश्वर सोनी, रामजीत सिंह, संयुक्त किसान मोर्चा के संयोजक  शिव सिंह, जनमोर्चा से माहेश्वरी त्रिपाठी, विनोद शुक्ला, मानबहादुर सिंह, अजीत सिंह बघेल सहित सैकड़ों किसान शामिल रहे। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved