रीवा. शारदीय नवरात्र का पर्व और अपने अंतिम पड़ाव पर है। जिससे मां की भक्ति में लोगों की आस्था बढ़ती जा रही है। पूरा शहर इस समय माता जगदम्बा की आराधना में डूबा हुआ है। अष्टमी पर मां दुर्गा के देवी महागौरी के स्वरूप की पूजा-अर्चना कर भक्तों ने आशीर्वाद लिया। बताया जाता है कि अष्टमी पर मां के पूजन का महिलाओं के लिए विशेष महत्व है। माता महागौरी ने भगवान शिव को प्राप्त करने के लिए कठिन तपस्या की थी, इसलिए महिलाएं इस दिन मां की विशेष पूजा अर्चना करती है।
वहीं अष्टमी को भी देवी पंडालों में जहां रात्रि जागरण हुआ वहीं भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। कई पंडालों एवं देवी मंदिरों में कन्या पूजन के साथ ही कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। जिसमें कन्याओं को भोजन कराकर उपहार भी दिया गया। इसी के साथ रानी तालाब स्थित मां कालिका के दरबार सहित माता फूलमती और अष्टभुजा के दरबार में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने हवन-पूजन के साथ मां का आशीर्वाद प्राप्त किया।
माता कलिका का किया गया विशेष श्रृंगार
अष्टमी के दिन रानी तालाब स्थित मां कालिका का विधिवत सोलह श्रृंगार किया गया। मंदिर के पुजारी ने बताया कि रीवा राज घराने से प्राप्त सोने-चांदी के अभूषणों से प्रतिवर्ष अष्ठमी के दिन माता का पूरा श्रृंगार किया जाता है। इस वर्ष भी मां काली का सोने के मुकुट सहित लाल चुनरी के साथ सोने-चांदी के आभूषण पहनाए गए हैं। सोलह श्रृंगार के बार माता के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी रही।
मूक बधिर कन्या छात्रावास में कन्या भोज
नवरात्रि के अवसर पर सिन्धु यूथ विंग द्वारा घोघर रीवा स्थित मूक बधिर एवं नेत्रहीन कन्या छात्रावास में कन्याओं का विधिवत पूजन कर भोजन कराया गया। साथ ही उपहार भेट किये गये। नगर पुलिस अधीक्षक शिवाली तिवारी व भजन गायिक लता लालवानी द्वारा छात्रावास में मातारानी की प्रतिमा के समक्ष पूजन अर्चन कर कन्याओं के पैर धोकर, तिलक लगाकर पूजन किया गया तथा कन्याओं को रूचिकर भोजन कराया गया। कार्यक्रम में सिटी कोतवाली टीआई सहित सिन्धु यूथ विंग महिला शाखा की मातृशक्तियां एवं सिन्धु यूथ विंग के सदस्यगण उपस्थित रहे।
झूले में झूल रही मां जगदम्बा
पुराने बस में गोल पार्क स्थित हनुमान मंदिर में गोल पार्क क्लब माता का दरबार समिति द्वारा 25 वर्षों से मां का का दरबार सजाया जा रहा है। इस वर्ष कुछ अनोखे तरह से माता रानी का दरबार सजाया गया है। यहां मां जगदम्बा झूले पर विराजमन हैं, जिनके दर्शन को भारी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। समिति के संजय गुप्ता संजू, निक्की मोदनवाल, नितिन गुप्ता, रितेश गुप्ता, प्रिंस पुरवार, अंकुर गुप्ता, अनुज गुप्ता, रमाकांत पुरवार, शुभम, सागर आदि का पूजा में सहयोग मिल रहा है।




No comments
Post a Comment