Rewa News: समय पर परिवहन नहीं होने से धान की खरीद प्रभावित, ठंड में केंद्र पर ही रुकना पड़ रहा किसानों को

Saturday, 14 December 2024

/ by BM Dwivedi

रीवा. भीषण ठंड के बाद भी किसान भारी संख्या में धान लेकर खरीदी केन्द्रों पर पहुंच रहे हैं। साथ ही केन्द्रों पर नियमित रूप से धान की खरीद भी हो रही है। लेकिन समय पर धान का उठाव नहीं होने के कारण केन्द्रों पर हजारों क्विंटल धान डंप है और खरीद प्रभावित हो रही है। स्लॉट बुक कर किसान धान लेकर केन्द्रों पर पहुंचते हैं लेकिन तौल नहीं होने के कारण केन्द्रों पर ही रात में रुकना पड़ता है। जिससे ठंड में किसान परेशान होते हैं। सहकारी समिति परसिया अंतर्गत आने वाले किसान रामदीन विश्वकर्मा, वीरेन्द्र सिंह, धर्मनारायण सिंह आदि ने बताया कि इस केन्द्र में भारी पैमाने पर धान डंप है। जिससे धान की तौल में दिक्कत हो रही है। ऐसे में रात में केन्द्र पर रुकना पड़ता है। इसी गढ़, दुआरी, डभौरा, रायपुर सोनौरी, त्योंथर, सोहर्वा, नौबस्ता, गंगेव, मनगवां सहित जिले के अन्य केन्द्रों में भी समय पर धान का परिवहन नहीं हो पा रहा है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि धान का उठाव कराया जा रहा है। किंतु केन्द्रों की स्थिति इससे अलग ही है। केन्द्रों पर डंप धान के चलते आगे की खरीद भी प्रभावित हो रही है।  

दुआरी केंद्र में धान का उठाव नहीं
जिले के दुआरी उपार्जन केंद्र में नायब तहसीलदार तेजपती सिंह द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान खरीदी केंद्र प्रभारी एवं उपस्थित किसानों द्वारा उनको बताया गया की धान का उठाव नहीं होने की वजह से परेशान हो रही है। बताया कि उपार्जन का कार्य हो रहा है लेकिन परिवहन नहीं हो रहा है।  वहीं नायब तहसीलदार ने निर्देश दिया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। किसान राजकुमार दुबे, बालेंद्रशेखर अग्निहोत्री, पुष्पेंद्र अग्निहोत्री, अमृतलाल ने परिवहन नहीं होने की जानकारी दी।

अधिकारियों ने किया निरीक्षण
एसडीएम त्योंथर संजय जैन ने खरीदी केन्द्र सोहरवा, नौबस्ता, परसिया का, एसडीएम मनगवां पीएस त्रिपाठी ने कैप्टन वेयर हाउस मनगवां का, एसडीएम हुजूर वैशाली जैन ने बम्हौरी का, एसडीएम जवा पीयूष भट्ट ने चांदी एवं गढ़वा का निरीक्षण कर उपार्जन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। तहसीलदार हुजूर शिवशंकर शुक्ला ने खैरा एवं चोरहटा खरीदी केन्द्र, विजय मूर्ति मिश्रा ने गुढ़ खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया।  इस दौरान किसानों को सुविधा के लिये पानी, छाया, अलाव, प्रकाश व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिये।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved