मऊगंज जिले के कलेक्टर और एसपी मुख्यालय अटैच, जानिए किसे सौंपी गई जिले की जिम्मेदारी

Wednesday, 19 March 2025

/ by BM Dwivedi

मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या और पुलिस पर हुई बर्बरता में एक एसआई की मौत के बाद घटना स्थल का मुआयना करने प्रदेश पुलिस के मुखिया पहुंचे थे। जिसके बाद से ही आशंका जताई जा रही थी कि अब मऊगंज में कोई बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा। जिसके परिणाम भी आने लगे हैं। घटना के चौथे दिन मऊगंज पुलिस अधीक्षक रसना ठाकुर का स्थानांतरण कर पुलिस मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। इसके साथ ही मऊगंज जिले के कानून व्यवस्था की कमान अब आईपीएस दिलीप कुमार सोनी को सौंपी गई है। वहीं मऊगंज जिले के निर्माण के बाद से ही प्रशासनिक व्यवस्था के मुखिया रहे कलेक्टर अजय कुमार श्रीवास्तव को भी भोपाल मुख्यालय अटैच कर दिया गया है। उनके स्थान पर मऊगंज जिले के नए प्रशासनिक मुखिया के तौर पर संजय कुमार जैन को पदस्थ किया गया है।

माना जा रहा है कि यह दोनों अधिकारी जल्द ही मऊगंज जिला पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी सम्हालेंगे। और प्रशासनिक और कानून व्यवस्था की बिगड़ी हुई परिस्थितियों को पटरी में लाएंगे। बता दें कि मऊगंज जिले के स्थापना के साथ ही प्रशासनिक और कानून व्यवस्था साधारण तरीके से चल रही थी। लेकिन मऊगंज जिले में महिला पुलिस अधीक्षक की पदस्थापना होते ही वहां की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। इस दौरान स्थानीय विधायक भी पुलिस और प्रशासनिक तंत्र पर पूरी तरह से हावी होते नजर आए। अब देखना यह होगा कि दो नए अधिकारियों की जिले में पदस्थापना के बाद किस प्रकार की स्थिति बनती है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved