मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के बहुती जलप्रपात पर एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां देवर और भाभी ने एक साथ छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान दिनेश साहू (26 वर्ष) और उनकी चचेरी भाभी शकुंतला साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। इस दुखद घटना से पहले दोनों ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक स्टोरी डाली, जिसमें उन्होंने अपनी मानसिक पीड़ा जाहिर की और परिवार के कुछ सदस्यों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
घटना बुधवार शाम की है, जब दिनेश और शकुंतला बहुती जलप्रपात पहुंचे। परिजनों को सूचना मिली थी कि दोनों वहां हैं, और वे उन्हें समझाने के लिए मौके पर पहुंचे। लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता, दोनों ने जलप्रपात में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शी राजेंद्र प्रसाद साकेत ने बताया कि दोनों चुपचाप बैठे थे। कुछ लोग उनसे बात करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक दिनेश ने छलांग लगाई, और इसके बाद शकुंतला भी कूद गई।
सुसाइड से पहले दिनेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह शकुंतला की मांग में सिंदूर भरते हुए नजर आ रहा था। वीडियो के साथ उसने लिखा, "हम बहुत परेशान हैं। अब और नहीं सह सकते। हम जा रहे हैं बहुती वाटरफॉल से सुसाइड करने। सरकार से हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि दोषियों को सजा दिलाई जाए। हीरालाल साहू, राजेंद्र साहू, संतोष साहू और राजकुमार साहू हमारी मौत के जिम्मेदार हैं।" इस वीडियो में बैकग्राउंड में गाना चल रहा था, "भीड़ है कयामत की, और हम अकेले हैं।"
दिनेश और शकुंतला चार दिन से लापता थे। दिनेश के चाचा ने बताया कि 19 जुलाई को दोनों घर से निकले थे, और पता चला कि वे छत्तीसगढ़ में हैं। बुधवार को दिनेश ने सोशल मीडिया पर दोनों का फोटो और वीडियो शेयर किया, जिसके बाद परिजनों को उनकी लोकेशन का पता चला। शकुंतला की मां और अन्य परिजन उन्हें समझाने के लिए जलप्रपात पहुंचे, लेकिन दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
शकुंतला के पिता चंद्रशेखर साहू ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह 15 साल पहले हीरालाल साहू से हुआ था। उनके तीन बेटियां हैं, जिनकी उम्र 11, 8 और 2 साल है। उन्होंने कहा कि शकुंतला ने कभी कोई शिकायत नहीं की थी, और इस घटना का कारण समझ से परे है।
घटना की सूचना मिलते ही नईगढ़ी और शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने के कारण सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका, लेकिन गुरुवार सुबह से एसडीआरएफ की टीम दोनों के शवों की तलाश में जुटी है। 600 फीट ऊंचे जलप्रपात और तेज बहाव के कारण शवों को ढूंढना चुनौतीपूर्ण है।
पुलिस के अनुसार, दिनेश और शकुंतला के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते परिवार के कुछ सदस्यों के दबाव से वे परेशान थे। दिनेश का परिवार मूल रूप से देवरा खटखरी के तेलिया बोड़ गांव का है, जबकि शकुंतला के पति हीरालाल साहू और उनके भाई संतोष साहू और राजकुमार साहू मजदूरी के लिए क्रमशः कर्नाटक और पुणे में रहते हैं। दिनेश भी हाल ही में छत्तीसगढ़ से गांव लौटा था।
यह घटना बहुती जलप्रपात की कुख्याति को और बढ़ा रही है, जो पहले भी आत्महत्याओं और हादसों के लिए चर्चित रहा है। जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ को तलाशी के लिए बुलाया है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment