सतना के प्राथमिक स्कूल में रसोइया पर गिरा छत का प्लास्टर, कमर में चोट, जांच के आदेश

Friday, 4 July 2025

/ by BM Dwivedi

सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के सिंहपुर स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय में गुरुवार दोपहर एक हादसे में स्कूल की रसोइया सावित्री सोनी पर छत का प्लास्टर गिर गया, जिससे उनकी कमर में चोट आई और वे बेहोश हो गईं। स्कूल जिला मुख्यालय से लगभग 45 किलोमीटर दूर है।

घटना के समय सावित्री बच्चों के लिए कढ़ी बना रही थीं। प्लास्टर गिरने से वे मौके पर ही गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। विद्यालय की प्रभारी हेडमास्टर रोशनी गर्ग और सरपंच रामशिरोमणि कोरी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी।
स्कूल में 25 छात्राएं पढ़ती हैं और दो शिक्षिकाएं पढ़ाती हैं। इसी भवन के दूसरे कमरे में आंगनबाड़ी केंद्र भी चलता है, जहां हादसे के समय 59 बच्चे मौजूद थे। स्कूल की स्थापना 2012 में हुई थी, और मध्याह्न भोजन की जिम्मेदारी देवकी महिला स्व-सहायता समूह को दी गई है, जिसमें सावित्री सोनी और किरण कोरी रसोइया हैं।
जिला परियोजना समन्वयक विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि इतने कम समय में भवन जर्जर कैसे हो गया। यदि भवन असुरक्षित पाया गया, तो छात्राओं की सुरक्षा के लिए उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट किया जाएगा। घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved