रीवा। सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा पर अपने कर्मचारी के साथ मारपीट का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर विधायक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की मांग की। इस दौरान पूर्व भाजपा विधायक के.पी. त्रिपाठी और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
अभिषेक तिवारी नामक युवक, जो विधायक के फार्म हाउस में काम करता था, ने गुरुवार को विधायक पर प्राणघातक हमले का आरोप लगाया। उसका दावा है कि 3-4 महीने का बकाया वेतन मांगने पर विधायक ने उस पर डंडों से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उससे अज्ञात कागज पर हस्ताक्षर करवाए और अब कार्रवाई से पीछे हट रही है।भाजपा के पूर्व विधायक के.पी. त्रिपाठी ने पुलिस पर विधायक से मिलीभगत का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस झूठी कार्रवाई दिखा रही है।
वहीं, विधायक अभय मिश्रा ने इन आरोपों को भाजपा की साजिश बताया। उनका कहना है कि पीड़ित का उनके अन्य कर्मचारियों से विवाद हुआ, जिसमें वह घायल हुआ। विधायक का दावा है कि पीड़ित पर दबाव डालकर उनका नाम शिकायत में शामिल करवाया गया।




No comments
Post a Comment