Rewa: बैसा ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण की मांग, स्कूली बच्चे और ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे, दी आत्मदाह की चेतावनी

Tuesday, 22 July 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा। बारिश के मौसम में रीवा के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। मंगलवार को ग्राम पंचायत बैसा के सरपंच, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर सड़क निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि चार पंचवर्षीय योजनाओं से सरकारी जमीन पर मुरम डालकर बनाई गई सड़क को एक स्थानीय व्यक्ति निजी जमीन बताकर कंक्रीट निर्माण में बाधा डाल रहा है।

ग्राम पंचायत बैसा के सरपंच शुभम पांडे ने बताया कि पिछले चार पंचवर्षीय योजनाओं में सरकारी जमीन पर मुरम डालकर सड़क बनाई गई थी, लेकिन अब इसे निजी जमीन बताकर कंक्रीट कार्य रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर 41 बार लिखित शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने बताया कि सड़क न होने से बारिश में कीचड़ के कारण स्कूल जाना मुश्किल हो रहा है। बच्चे कीचड़ में गिर जाते हैं, और बीमार होने पर न तो एंबुलेंस और न ही अन्य वाहन गांव तक पहुंच पाते।
ग्रामीण समय लाल साकेत ने कहा कि लगभग 40-50 घरों के 150 वोटर इस समस्या से प्रभावित हैं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर वोट लेकर धोखा देने का आरोप लगाया और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की। सरपंच ने बताया कि जमीन पहले सरकारी थी, जिसमें शासकीय धन से मुरम डाला गया, लेकिन अब मोबाइल ऐप में इसे निजी जमीन दिखाया जा रहा है, जिसका कारण स्पष्ट नहीं है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जन सुनवाई के बाद भी सड़क निर्माण नहीं हुआ, तो वे आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर होंगे। कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर से इस मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved