Rewa: निपनिया मोहल्ले में सड़क और नाली की बदहाली, निवासियों ने नगर निगम में सौंपा ज्ञापन

Tuesday, 22 July 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा। रीवा शहर के वार्ड क्रमांक 1 निपनिया मोहल्ले के निवासी सड़क और नाली की जर्जर स्थिति से परेशान होकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे और आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निर्माण व सुधार कार्य की मांग की। मोहल्ले वासियों ने बताया कि बीएसएनएल टावर के पास की सड़क और नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिसके कारण बारहों महीने नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है।

निवासियों ने शिकायत की कि इस स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, मंदिर जाने वालों और मस्जिद में नमाज पढ़ने वालों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे बच्चों के गिरने और लोगों के चोटिल होने की घटनाएं हो चुकी हैं। महिलाओं ने बताया कि नहाकर मंदिर या मस्जिद जाने के बावजूद गंदगी के कारण वे पूजा-नमाज के लिए तैयार नहीं रह पाते। नाली और सड़क का स्तर एक समान होने से गंदा पानी और मलवा सड़क पर जमा रहता है, जिससे पिछले 10 वर्षों से मोहल्ले वाले परेशान हैं।
निवासियों ने कहा कि रीवा स्वच्छ सर्वेक्षण में पांचवें स्थान पर है, लेकिन निपनिया मोहल्ले की स्थिति को देखकर लगता है कि इसे सर्वेक्षण में शामिल नहीं किया गया। कई बार मौखिक और लिखित शिकायतों (4-6 बार) के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोहल्ले की महिलाओं और लड़कियों ने एकजुट होकर महापौर और आयुक्त से सड़क व नाली निर्माण की मांग की, ताकि उन्हें इस नरकीय स्थिति से मुक्ति मिले।
निवासियों ने चेतावनी दी कि बार-बार शिकायतों के बावजूद सुनवाई न होने से लोगों का प्रशासन पर विश्वास कम हो रहा है। उन्होंने नगर निगम से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved