रीवा में मूसलाधार बारिश से बाढ़ जैसे हालात, कई मोहल्ले जलमग्न, प्रशासन की लापरवाही पर आक्रोश

Saturday, 12 July 2025

/ by BM Dwivedi


रीवा जिले में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है। नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। शहर के झिरिया मोहल्ला, बिछिया मोहल्ला, निपानिया, विकास कॉलोनी सहित कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है, जिससे घरेलू सामान खराब हो रहा है और कई लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं।

झरिया मोहल्ले में देर रात नाले का पानी घरों में घुस गया, जहां तकरीबन 50 से अधिक घरों में घुटने भर से ज्यादा पानी जमा है। बिछिया मोहल्ले में बीह नदी का जल स्तर बढ़ने से बिछिया-किला मार्ग और लक्ष्मण मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। नदी किनारे बने घरों और दुकानों में भी पानी भर गया है, जिससे हड़कंप मच गया है। विकास कॉलोनी और सिलबी प्लाजा जैसे मुख्य बाजार क्षेत्रों में भी नालियों का पानी घरों में घुस रहा है, जिसने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सरकारी क्वार्टरों के पास भी पानी जमा है, जिससे आवागमन ठप हो गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद नालों की सफाई नहीं की गई, जिसके चलते पानी निकासी की समस्या गंभीर हो गई है। देर रात तक जिला प्रशासन की ओर से कोई राहत कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तत्काल नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि बाढ़ की स्थिति से निजात मिल सके और लोगों को राहत मिले। पहली ही बारिश में शहर की बदहाल स्थिति ने प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved