रीवा में गैस पाइप लाइन फटने से लगी भीषण आग, दहशत में लोग, इंडियन ऑयल ने पाया काबू

Saturday, 12 July 2025

/ by BM Dwivedi


रीवा के समान थाने के संजय नगर मोड़ स्थित एक विद्यालय के पास गैस पाइप लाइन फटने से भीषण आग भड़क गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। आग की तेज लपटों को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही इंडियन ऑयल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले विद्यालय में लगभग दो फीट पानी भर गया था। जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम की जेसीबी मशीन कच्ची नाली की खुदाई कर रही थी। इसी दौरान नीचे से गुजर रही गैस पाइप लाइन को जेसीबी का बकेट लग गया, जिससे मुख्य सर्विस लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे एलपीजी गैस तेजी से रिसने लगी और आग भड़क गई। आग की लपटें इतनी तीव्र थीं कि ऊपर से गुजर रही बिजली की केबल भी इसकी चपेट में आ गई, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।
इंडियन ऑयल की टीम ने तुरंत मुख्य नोजल बंद कर दिया, लेकिन पाइप लाइन में बची गैस के कारण आग कुछ देर तक जलती रही। फायर ब्रिगेड को भी सूचित किया गया, जो मौके पर पहुंची। हादसे के चलते सड़क पर घंटों जाम रहा और एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई ताकि कोई जनहानि न हो।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठाए, क्योंकि नाली की खुदाई के दौरान पाइप लाइन की स्थिति का ध्यान नहीं रखा गया। प्रशासन और संबंधित विभागों से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved