मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के ससुर ब्रह्मानंद यादव का निधन, रीवा में होगा अंतिम संस्कार

Wednesday, 16 July 2025

/ by BM Dwivedi


रीवा। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद यादव (98) का मंगलवार रात निधन हो गया। उन्होंने सुल्तानपुर के विवेकानंद नगर स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार को रीवा में किया जाएगा। निधन की खबर मिलते ही स्थानीय बीजेपी नेता उनके आवास पर पहुंचने लगे।

27 जून को ब्रह्मानंद यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सांस और पेट संबंधी समस्याओं के कारण रीवा के राजकीय मेडिकल कॉलेज के ICU में भर्ती कराया गया था। 30 जून को हालत में सुधार होने पर उन्हें घर लाया गया, लेकिन मंगलवार शाम उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी पत्नी सीमा यादव इस समय सात दिवसीय विदेश यात्रा पर हैं। निधन के समय वे दुबई से स्पेन के लिए रवाना हो चुके थे।

संघ से जुड़ा था परिवार
ब्रह्मानंद यादव शुरू से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा से जुड़े रहे। विद्यार्थी जीवन में उन्होंने कई आंदोलनों में हिस्सा लिया और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना नाम बदलकर ब्रह्मानंद रख लिया था। आंदोलनों के कारण प्रशासन ने उनके परिवार की जमीनें भी जब्त कर ली थीं। उन्होंने मुंबई से शिक्षा प्राप्त की और बाद में रीवा में शासकीय स्कूल में शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की। 1987 में वे प्रिंसिपल के पद से रिटायर हुए।
ब्रह्मानंद यादव के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके परिजनों और शुभचिंतकों ने उनकी स्मृति में श्रद्धांजलि अर्पित की।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved